जयपुर : राजस्थान के चाकसू स्थित गोलोक धाम में 29 नवंबर 2026 को जैन पत्रकार महासम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें देशभर के पत्रकार, लेखक और विद्वान शामिल होंगे। सम्मेलन में दैनिक समाचार जगत के संपादक शैलेंद्र गोधा को राजा श्रेणिक जैन पत्रकारिता पुरस्कार 2026 से सम्मानित किया जाएगा। यह आयोजन परम पूज्य आचार्य श्री प्रज्ञासागर जी महाराज के सानिध्य में चल रहे चातुर्मास के दौरान होगा। चातुर्मास स्थापना के बाद से गोलोक धाम में कई धार्मिक और सामाजिक आयोजन हो चुके हैं।
Read More : पंजाब में कर्मभूमि एक्सप्रेस के चार कोच में आग, यात्रियों में मची अफरा-तफरी
आचार्य प्रज्ञासागर ने राजा श्रेणिक को बताया सबसे बड़ा पत्रकार
जैन महासंघ के राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन ने बताया कि 3 नवंबर 2026 को महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश जैन तिजारिया के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल गोलोक धाम पहुंचा था। प्रतिनिधिमंडल ने वहां नवनिर्मित गौशाला का अवलोकन किया और आचार्य श्री प्रज्ञासागर जी महाराज के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर आचार्य श्री ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान महावीर स्वामी के शासनकाल में 60 हजार प्रश्न पूछने वाले राजा श्रेणिक अब तक के सबसे बड़े पत्रकार थे। उन्होंने जैन पत्रकारिता में सत्य, निष्पक्षता और धर्म प्रवर्तक विचारधारा को मजबूत करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
शैलेंद्र गोधा को मिलेगा राजा श्रेणिक पत्रकारिता पुरस्कार
जैन पत्रकार महासंघ के तत्वावधान में 29 नवंबर को आयोजित पत्रकार महासम्मेलन में राजा श्रेणिक जैन पत्रकारिता पुरस्कार 2026 प्रदान किया जाएगा। इस वर्ष यह सम्मान जयपुर के दैनिक समाचार जगत के संपादक शैलेंद्र गोधा को दिया जाएगा। यह पुरस्कार श्री महावीर तपोभूमि परिवार, उज्जैन की ओर से प्रदान किया जाता है। पिछले वर्ष 2025 में दैनिक विश्व परिवार के संपादक प्रदीप जैन कोटा, छत्तीसगढ़ में यह सम्मान दिया गया था।
जयपुर की बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा
महासम्मेलन की तैयारियों को लेकर जैन पत्रकार महासंघ की कार्यकारिणी और विशेष आमंत्रित सदस्यों की बैठक 5 नवंबर को जयपुर स्थित भट्टारक जी की नसिया में हुई। वरिष्ठ पत्रकार बलवंत राज मेहता की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में सम्मेलन को लेकर कई निर्णय लिए गए। बैठक में तय किया गया कि कार्यक्रम में देशभर के अधिक से अधिक पत्रकारों, लेखकों और विद्वानों को आमंत्रित किया जाएगा। महासम्मेलन के दौरान वैचारिक गोष्ठी भी आयोजित होगी।
आयोजन के लिए संयोजक और आयोजकों की जिम्मेदारी तय
कार्यक्रम को गति देने के लिए राकेश जैन चपलमन, कोटा को मुख्य संयोजक बनाया गया है। वहीं दीपक गोधा, मनोज जैन और सुरेंद्र कुमार बडजात्या, जयपुर को संयोजक मनोनीत किया गया है। कार्यक्रम के आयोजकों में चातुर्मास समिति के अध्यक्ष अनिल कुमार जैन बैनेठा वाले, महामंत्री पारस जैन बाकलीवाल निमोडिया वाले, राजीव जैन गाजियाबाद, प्रकाश बाकलीवाल और देवेंद्र बाकलीवाल जयपुर शामिल हैं।
बैठक में डॉ. अनिल जैन, राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष, राष्ट्रीय प्रचार मंत्री महेंद्र बैराठी, बलवंत राज मेहता, दीपक गोधा, मनोज जैन, सुरेंद्र कुमार जैन बडजात्या, ज्ञानचंद पाटनी, मनोज सोगानी और मनीष वैद सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। बैठक का संचालन उदयभान जैन ने किया। अंत में उन्होंने सभी उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया।



