नई दिल्ली : भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन ने ICC T20 इंटरनेशनल बल्लेबाजों की रैंकिंग में पहली बार शीर्ष स्थान हासिल कर इतिहास रच दिया है। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने अपने ही साथी अभिषेक शर्मा को पीछे छोड़ते हुए दुनिया के नंबर-1 Y20 बल्लेबाज का दर्जा हासिल किया। अभिषेक शर्मा करीब एक साल तक इस सूची में शीर्ष पर बने रहे थे, लेकिन अब यह स्थान ईशान किशन के नाम हो गया है। दोनों भारतीय खिलाड़ियों के बीच फिलहाल केवल सात रेटिंग अंकों का अंतर है, जिससे टी20 रैंकिंग में भारत की मजबूत मौजूदगी साफ नजर आती है।
Read More : 7वां झारखंड एक्सीलेंस अवार्ड–2026 का भव्य आयोजन 2 जुलाई को विशिष्ट विभूतियों का होगा सम्मान
आयरलैंड सीरीज और वर्ल्ड कप का मिला फायदा
ईशान किशन को यह उपलब्धि आयरलैंड के खिलाफ बेलफास्ट में खेली गई दो मैचों की T20 सीरीज और उससे पहले टी20 वर्ल्ड कप में किए गए लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन के आधार पर मिली है। टी20 वर्ल्ड कप में ईशान ने 317 रन बनाए थे। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट लगभग 200 रहा। पाकिस्तान के खिलाफ कोलंबो में खेली गई मैच जिताऊ पारी के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया था। इसी प्रदर्शन के दम पर उन्होंने अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग हासिल करते हुए आईसीसी टी20 बल्लेबाजों की रैंकिंग में पहला स्थान अपने नाम किया।
ईशान किशन अब भारत के उन चुनिंदा बल्लेबाजों की सूची में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने टी20 इंटरनेशनल बल्लेबाजों की आईसीसी रैंकिंग में नंबर-1 स्थान हासिल किया है। इस सूची में विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, अभिषेक शर्मा और अब ईशान किशन का नाम शामिल है। वह ऐसा करने वाले भारत के चौथे पुरुष बल्लेबाज बन गए हैं।
Read More : वाईएमसीए स्पोर्ट्स अकादमी द्वारा टेबल टेनिस अकादमी का भव्य उद्घाटन
आयरलैंड और भारत के खिलाड़ियों को रैंकिंग में बढ़त
ICC की ताजा T20 रैंकिंग में आयरलैंड के बल्लेबाज लोर्कन टकर चार स्थान की छलांग लगाकर संयुक्त 77वें स्थान पर पहुंच गए हैं। वहीं रॉस अडेयर छह स्थान ऊपर चढ़कर 84वें नंबर पर पहुंच गए। गेंदबाजों की टी20 रैंकिंग में आयरलैंड के तेज गेंदबाज मैथ्यू हम्फ्रीज एक स्थान की बढ़त के साथ 25वें स्थान पर पहुंच गए हैं। भारत के खिलाफ दो मैचों में चार विकेट लेने के बाद उन्होंने अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग हासिल की।
ऑलराउंडरों की सूची में भारत के शिवम दुबे तीन स्थान ऊपर चढ़कर सातवें नंबर पर पहुंच गए हैं। वहीं आयरलैंड के गैरेथ डेलानी 24वें और हैरी टेक्टर 38वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
टेस्ट रैंकिंग में भी हुए बड़े बदलाव
ICC की ताजा टेस्ट रैंकिंग में भी कई अहम बदलाव देखने को मिले हैं। ऑस्ट्रेलिया के ट्रेविस हेड पहली बार दुनिया के नंबर-1 टेस्ट बल्लेबाज बन गए हैं। इंग्लैंड के हैरी ब्रूक दूसरे और जो रूट तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं। टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में भारत के जसप्रीत बुमराह ने एक बार फिर नंबर-1 स्थान हासिल कर लिया है, जबकि न्यूजीलैंड के मैट हेनरी दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं।
नॉटिंघम टेस्ट में जीत के बाद न्यूजीलैंड के कई खिलाड़ियों को भी रैंकिंग में फायदा मिला है। रचिन रवींद्र सातवें, डेरिल मिचेल 11वें, डेवोन कॉनवे संयुक्त 15वें और टॉम लैथम संयुक्त 31वें स्थान पर पहुंच गए हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ प्रभावशाली प्रदर्शन के बाद शमार जोसेफ टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में संयुक्त 14वें और केमार रोच 17वें स्थान पर पहुंच गए हैं। वहीं न्यूजीलैंड के नाथन स्मिथ ने भी आठ स्थान की छलांग लगाई है।
Read More : झारखंड फोटो जर्नलिस्टों के बीच मैत्री क्रिकेट मैच, फॉक्स-11 ने दर्ज की रोमांचक जीत




