चतरा : झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने चतरा दौरे के दौरान भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश कोषाध्यक्ष श्रीनिवास कुमार की गिरफ्तारी को राजनीतिक प्रतिशोध से प्रेरित बताते हुए राज्य सरकार और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने चतरा मंडल कारा पहुंचकर श्रीनिवास कुमार और जिला मीडिया प्रभारी काली यादव से मुलाकात की। इसके बाद चतरा सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने सरकार पर निशाना साधा। आदित्य साहू ने कहा कि झारखंड में अवैध जुआ, अपराध, भ्रष्टाचार, अवैध खनन और अवैध ढुलाई जैसे मामलों के खिलाफ आवाज उठाने वालों को संरक्षण देने के बजाय झूठे मामलों में फंसाकर जेल भेजा जा रहा है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सीधा हमला बताया।
Read More : पानस रियल्टर्स और दयानंद मोदी ग्रुप पर आयकर विभाग का छापा, दस्तावेज खंगाले
गिरफ्तारी पर उठाए सवाल
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि श्रीनिवास कुमार लगातार स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली, अवैध गतिविधियों और अधिकारियों की कथित अनियमितताओं को उजागर कर रहे थे। उनके अनुसार, उन्हें पहले से धमकियां दी जा रही थीं कि यदि उन्होंने आवाज उठाना बंद नहीं किया तो जेल भेज दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में गिरफ्तारी हुई, उन्हें लेकर श्रीनिवास पहले ही न्यायालय का दरवाजा खटखटा चुके थे। इसके बावजूद प्रशासन ने निष्पक्ष कार्रवाई के बजाय दमनात्मक रवैया अपनाया। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कानूनी कार्रवाई करनी थी तो स्थानीय स्तर पर प्रक्रिया पूरी की जा सकती थी, लेकिन रांची जाकर गिरफ्तारी करना राजनीतिक दबाव और प्रतिशोध की ओर संकेत करता है। आदित्य साहू ने मांग की कि भाजपा कार्यकर्ताओं पर दर्ज झूठे एवं दुर्भावनापूर्ण मुकदमों की निष्पक्ष समीक्षा कर उन्हें तत्काल वापस लिया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्दोष कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न नहीं रुका तो भारतीय जनता पार्टी राज्यभर में लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक जनआंदोलन चलाएगी।
शोक संतप्त परिवारों से भी की मुलाकात
चतरा दौरे के दौरान आदित्य साहू ने हाल ही में अनियंत्रित कोयला परिवहन के दौरान हाइवा की चपेट में आकर जान गंवाने वाले सीआरपीएफ जवान लक्ष्मण यादव और सहदेव यादव के परिजनों से भी मुलाकात की। उन्होंने दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित कर शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह अपूरणीय क्षति है और इस दुख की घड़ी में पूरा परिवार स्वयं को अकेला न समझे। उन्होंने हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि यह घटना प्रशासन की लापरवाही और अनियंत्रित कोयला परिवहन व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
आदित्य साहू ने कहा कि अवैध परिवहन और ढुलाई के कारण क्षेत्र में सैकड़ों लोगों की असमय मौत हो चुकी है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की। इस दौरान प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, सांसद कालीचरण सिंह, विधायक उज्जवल दास, भाजपा जिला अध्यक्ष रामदेव भोक्ता सहित पार्टी के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।




