धनबाद जिले के सिंदरी स्थित फुलो-झानो मैदान, रंगामाटी में आजसू पार्टी की ओर से आयोजित भव्य मिलन समारोह में समाजसेवी सतीश महतो ने अपने समर्थकों के साथ आजसू पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सह पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में पार्टी में शामिल हुए नए सदस्यों का अंगवस्त्र एवं माला पहनाकर स्वागत किया गया।जहां कार्यकर्ताओं और समर्थकों के उत्साह से पूरा मैदान आजसू पार्टी के नारों से गूंज उठा।
झारखंड विकास के रास्ते से भटक चुका है – सुदेश महतो
मिलन समारोह को संबोधित करते हुए आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने कहा कि झारखंड विकास के रास्ते से भटक चुका है। खनिज संपदा के लिए पहचाने जाने वाले इस राज्य की पहचान आज ‘लेबर स्टेट’ के रूप में बनती जा रही है। उन्होंने कहा कि स्थिति चिंताजनक है, जहां खनिज संपदा के साथ-साथ छात्रों के भविष्य पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
कहा कि झारखंड के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपने प्राकृतिक संसाधनों और मानव शक्ति का सही उपयोग करने की है। प्रदेश की बागडोर अब युवाओं को अपने हाथों में लेने की आवश्यकता है, ताकि झारखंड को फिर से विकास और समृद्धि के मार्ग पर आगे बढ़ाया जा सके।
उन्होंने कहा कि समाजसेवी, बुद्धिजीवी और युवा लगातार आजसू पार्टी से जुड़ रहे हैं। यह इस बात का संकेत है कि राज्य में बेहतर विकल्प और नई राजनीतिक दिशा की आवश्यकता को लोग महसूस कर रहे हैं। नए साथियों के जुड़ने से संगठन और मजबूत होगा तथा जनहित के मुद्दों पर संघर्ष को नई ऊर्जा मिलेगी।
कहा कि आजसू पार्टी झारखंड के अधिकार, युवाओं के भविष्य, रोजगार, शिक्षा और स्थानीय लोगों के सम्मान के मुद्दों को लेकर अपनी संघर्ष की राजनीति को और मजबूती के साथ आगे बढ़ाएगी।
कई प्रमुख नेताओं की रही उपस्थिति
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में गिरिडीह के सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, मांडू विधायक निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो एवं गोमिया के पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो उपस्थित रहे।
इसके अलावा मौके पर केंद्रीय महासचिव संतोष महतो, दीपक महतो, राधेश्याम गोस्वामी, केंद्रीय सचिव सह जिप सदस्य राजेश महतो, केंद्रीय सचिव नवीन महतो, बोकारो जिला अध्यक्ष सचिन महतो, जिला उपाध्यक्ष नरेश महतो, जिला महासचिव रामाशंकर तिवारी, युवा नेता करण महतो, जिला सोशल मीडिया प्रभारी योगेश महतो सहित पार्टी के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।
मिलन समारोह में बड़ी संख्या में लोगों के आजसू पार्टी से जुड़ने को पार्टी ने सिंदरी सहित पूरे धनबाद-बोकारो क्षेत्र में संगठन विस्तार और जनाधार मजबूत होने का महत्वपूर्ण संकेत बताया।







