रांची के बड़गई में बनेगा पशु आश्रय केंद्र, ₹2.10 करोड़ से होगा निर्माण

बड़गई में 20.2 डिसमिल भूमि पर पशु आश्रय-सह-जन्म नियंत्रण केंद्र बनेगा। यहां श्वानों की नसबंदी, टीकाकरण और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी।

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची: शहर में आवारा श्वानों की बढ़ती संख्या के वैज्ञानिक एवं मानवीय प्रबंधन के साथ नागरिकों की सुरक्षा और पशु कल्याण को बेहतर बनाने की दिशा में रांची नगर निगम ने महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। इसी क्रम में नगर आयुक्त श्री सुशांत गौरव ने निगम की टीम के साथ बड़गई में प्रस्तावित पशु आश्रय-सह-जन्म नियंत्रण केंद्र के लिए चिन्हित भूमि का निरीक्षण किया। नगर विकास एवं आवास विभाग, झारखंड सरकार की ओर से शहरी क्षेत्रों में Animal Birth Control (ABC) कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन और आवश्यक आधारभूत संरचना के विकास के लिए रांची नगर निगम को ₹2.10 करोड़ की राशि उपलब्ध कराई गई है।

इसी के तहत मौजा बड़गई, खाता संख्या-140, प्लॉट संख्या-767 में कुल 1 एकड़ 90 डिसमिल भूमि में से 20.2 डिसमिल भूमि पर पशु आश्रय-सह-जन्म नियंत्रण केंद्र विकसित किया जाएगा। केंद्र में आवारा श्वानों की नसबंदी, टीकाकरण और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं को वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित तरीके से संचालित किया जा सकेगा। इस व्यवस्था से श्वानों की आबादी को मानवीय तरीके से नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। साथ ही रेबीज जैसी बीमारियों की रोकथाम और नागरिकों की सुरक्षा को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

निर्माण प्रक्रिया जल्द पूरी करने का निर्देश

स्थलीय निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को केंद्र निर्माण से जुड़ी निविदा सहित अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

शेष भूमि पर बनेगा डॉग शेल्टर होम

नगर आयुक्त ने 1 एकड़ 90 डिसमिल भूमि के शेष हिस्से में माननीय सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप डॉग शेल्टर होम विकसित करने के लिए प्रस्ताव और डिजाइन तैयार करने का निर्देश दिया। प्रस्तावित शेल्टर होम में आक्रामक श्वानों, आवारा स्ट्रीट डॉग्स और रेबीज प्रभावित श्वानों के लिए आवश्यकता के अनुसार अलग-अलग व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी। इसके अलावा गार्ड रूम, बाउंड्री वॉल, आवागमन मार्ग और अन्य जरूरी सुविधाओं को भी डिजाइन में शामिल किया जाएगा। नगर आयुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को शेल्टर होम से जुड़ी टेंडर प्रक्रिया भी जल्द शुरू करने का निर्देश दिया।

नागरिकों की सुरक्षा के साथ पशु कल्याण पर जोर

नगर आयुक्त ने कहा कि प्रस्तावित केंद्र का उद्देश्य केवल आवारा श्वानों की संख्या को नियंत्रित करना नहीं है, बल्कि उनकी नसबंदी, टीकाकरण, स्वास्थ्य देखभाल और वैज्ञानिक प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने कहा कि व्यवस्थित ABC सेंटर और डॉग शेल्टर होम के माध्यम से शहर में आवारा श्वानों के प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा। इससे नागरिकों की सुरक्षा, सार्वजनिक स्वास्थ्य और पशु कल्याण के बीच बेहतर संतुलन स्थापित करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने अधिकारियों को केंद्र निर्माण से संबंधित सभी प्रक्रियाओं को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूरा करने और शीघ्र निविदा प्रकाशित करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान कार्यपालक अभियंता, सहायक लोक स्वास्थ्य पदाधिकारी, निगम के अभियंतागण, नगर प्रबंधक एवं अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *