रांची : राजधानी रांची के कांके इलाके में बीती देर रात बदमाशों ने जमकर तांडव मचाया। कांके रिंग रोड स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HP) के पेट्रोल पंप पर बाइक से पहुंचे अपराधियों ने ताबड़तोड़ चार राउंड गोलियां चला दीं और फिर मौके से फरार हो गए। अचानक हुई गोलीबारी से पेट्रोल पंप पर काम कर रहे कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। वारदात की जानकारी मिलते ही कांके थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई। जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से गोली का खोखा भी मिला है। वहीं, पेट्रोल पंप पर लगे CCTV कैमरों में बदमाशों की तस्वीर कैद होने की बात सामने आई है। अब पुलिस फुटेज के सहारे अपराधियों का पता लगाने में जुटी है।
Read More : रामगढ़ की चुट्टूपालू घाटी में भीषण हादसा, कंटेनर के नीचे दबी कार, 2 की मौत
CCTV फुटेज से अपराधियों की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस पेट्रोल पंप पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। घटना के संबंध में पेट्रोल पंप के कर्मचारियों से भी पूछताछ की गई है। पुलिस उनसे मिली जानकारी के आधार पर फायरिंग में शामिल अपराधियों के बारे में सुराग जुटाने में लगी है।
रंगदारी समेत अन्य पहलुओं की जांच
पुलिस इस गोलीबारी के पीछे रंगदारी समेत अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है। हालांकि, अब तक फायरिंग की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। रांची के ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने बताया कि फायरिंग के मामले की जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर छानबीन कर रही है। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच में जुटी है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।




