रांची में फैटी लिवर मुक्त अभियान शुरू, दो वाहनों से होगी मुफ्त जांच

रांची : रांची को फैटी लिवर मुक्त बनाने के लिए सोमवार को एक खास अभियान की शुरुआत हुई। रक्षा राज्य मंत्री और रांची के सांसद संजय सेठ की पहल पर शुरू हुए इस अभियान के तहत अब रांची लोकसभा क्षेत्र के लोगों को फैटी लिवर

रांची

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची : रांची को फैटी लिवर मुक्त बनाने के लिए सोमवार को एक खास अभियान की शुरुआत हुई। रक्षा राज्य मंत्री और रांची के सांसद संजय सेठ की पहल पर शुरू हुए इस अभियान के तहत अब रांची लोकसभा क्षेत्र के लोगों को फैटी लिवर की मुफ्त जांच की सुविधा मिलेगी। इसके लिए 2 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से दो अत्याधुनिक स्वास्थ्य जांच वाहन तैयार किए गए हैं। ये वाहन अलग-अलग इलाकों में पहुंचकर लोगों की जांच करेंगे, ताकि बीमारी का समय रहते पता लगाया जा सके।

सीसीएल सभागार में आयोजित कार्यक्रम में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार, केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया और मशहूर लिवर रोग विशेषज्ञ व पद्मभूषण से सम्मानित डॉ. एसके सरीन मौजूद रहे। कार्यक्रम में राज्यपाल संतोष गंगवार ने इस पहल की तारीफ की। उन्होंने कहा कि फैटी लिवर से बचाव और लोगों को जागरूक करने के लिए यह एक सराहनीय प्रयास है। संजय सेठ ने जनस्वास्थ्य के लिए अच्छी पहल की है।

Read More : रामगढ़ के पतरातू में शादी समारोह में पहुंचे सीएम हेमंत सोरेन

केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने लोगों से अपनी दिनचर्या और खानपान में सुधार करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शरीर की जिम्मेदारी खुद लेनी होगी। समय पर सोना, समय पर खाना और रोजाना पैदल चलना जरूरी है। साइकिल चलाने को भी अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम दुनिया की हर चीज का ध्यान रखते हैं, लेकिन अपने शरीर को लेकर लापरवाह हो जाते हैं। कंप्यूटर और तकनीक के साथ अपने पैरों को भी चलाइए। जब लोग अपनी सेहत की जिम्मेदारी लेंगे और जीवनशैली सुधारेंगे, तभी यह अभियान सफल होगा। उन्होंने फैटी लिवर मुक्त रांची की मुहिम को देशभर में जागरूकता फैलाने वाला अभियान बताया।

रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना 2047 तक विकसित भारत के साथ स्वस्थ भारत बनाने का है। इसी सोच के साथ फैटी लिवर मुक्त रांची अभियान शुरू किया गया है। हमारा लक्ष्य रांची लोकसभा क्षेत्र को फैटी लिवर से मुक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि आज बदलती जीवनशैली, खानपान की आदतों और शारीरिक मेहनत में कमी के कारण फैटी लिवर एक बड़ी स्वास्थ्य समस्या बनती जा रही है। कई लोगों को बीमारी का पता तब चलता है, जब परेशानी बढ़ जाती है। इसलिए समय पर जांच और जागरूकता जरूरी है। इसी को ध्यान में रखते हुए दो आधुनिक जांच वाहन शुरू किए गए हैं, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों तक मुफ्त जांच की सुविधा पहुंच सके। यह सिर्फ जांच अभियान नहीं, बल्कि स्वस्थ रांची और स्वस्थ समाज बनाने की पहल है।

पद्मभूषण डॉ. एसके सरीन ने कहा कि हृदय रोग, हाई ब्लड प्रेशर और कैंसर जैसी गैर-संचारी बीमारियां देश में बड़ी स्वास्थ्य चुनौती हैं। इनसे बचने के लिए समय पर जांच, संतुलित खानपान और नियमित शारीरिक गतिविधियां जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि बीमारी बढ़ने का इंतजार नहीं करना चाहिए, बल्कि समय रहते जांच करानी चाहिए। डॉ. सरीन ने झारखंड के पारंपरिक खानपान को फैटी लिवर से बचाव का बेहतर तरीका बताया। उन्होंने कहा कि यहां की पारंपरिक थाली को अपनाकर और स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर लोग अपनी सेहत का ध्यान रख सकते हैं।

कार्यक्रम में रांची विधायक सीपी सिंह, हटिया विधायक नवीन जायसवाल, मेयर रोशनी खलखो, डिप्टी मेयर नीरज कुमार, भाजपा रांची महानगर जिलाध्यक्ष वरुण साहू, ग्रामीण जिलाध्यक्ष धीरज महतो और नरेंद्र सिंह, पूर्व राज्यसभा सांसद अजय मारू समेत कई गणमान्य लोग, डॉक्टर, स्वास्थ्यकर्मी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। इस अभियान का मकसद सिर्फ फैटी लिवर की जांच करना नहीं, बल्कि लोगों को अपनी सेहत के प्रति जागरूक करना और बेहतर जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना भी है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *