रांची : पिस्कानगड़ी, पिस्का, इटकी और आसपास के क्षेत्रों से आने-जाने वाले लोगों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। रांची-टोरी रेलखंड पर रेलवे की ओर से ट्रैक पुनर्निर्माण कार्य शुरू किया जा रहा है। इसके चलते पिस्का और इटकी के बीच स्थित फाटक संख्या RT-11 (एडचोरो रेलवे गेट) 12 जुलाई से 18 जुलाई 2026 तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक सड़क यातायात के लिए पूरी तरह बंद रहेगा।
Read More : मिसिर गोंदा में मनाई गई आषाढ़ी पूजा, अच्छी बारिश और समृद्धि के लिए की गई आराधना
रेलवे के अनुसार, वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (रेलपथ), लोहरदगा प्रभारी प्रभू गंझु के निर्देश पर पोल संख्या 437/1-2 के समीप स्थित एडचोरो रेलवे फाटक पर ट्रैक पुनर्निर्माण का कार्य किया जाएगा।
छह घंटे तक पूरी तरह बंद रहेगा आवागमन
कार्य के दौरान रेलवे फाटक से किसी भी प्रकार के वाहन और पैदल यात्रियों का आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा। ऐसे में पिस्का, इटकी और आसपास के क्षेत्रों से आने-जाने वाले लोगों को पहले से अपनी यात्रा की योजना बनानी होगी और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करना होगा। इस मार्ग का उपयोग प्रतिदिन बड़ी संख्या में नौकरीपेशा लोग, छात्र, किसान, व्यापारी और स्थानीय ग्रामीण करते हैं। फाटक बंद रहने से स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों, कार्यालय आने-जाने वाले कर्मचारियों और अन्य आवश्यक कार्यों से निकलने वाले लोगों को अतिरिक्त समय लग सकता है।
Read More : सरायकेला सदर अस्पताल में प्रसूता की मौत पर हंगामा, मेडिकल बोर्ड से होगी जांच
रेलवे ने वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की
रेलवे प्रशासन ने आम नागरिकों, वाहन चालकों और स्थानीय ग्रामीणों से निर्धारित अवधि के दौरान एडचोरो रेलवे फाटक का उपयोग नहीं करने तथा असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की है। रेलवे अधिकारियों ने कहा कि यह कार्य रेल पथ की गुणवत्ता, सुरक्षा और सुचारु रेल परिचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से सहयोग करने और रेलवे कर्मियों तथा प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया है।
Read More : झारखंड स्किल डेवलपमेंट मिशन को लेकर भाजपा के गंभीर आरोप, उच्च स्तरीय जांच की मांग




