रांची: राजधानी में ओरमांझी थाना पुलिस ने एक ऐसे गैंग का खुलासा किया है, जो किराए पर गाड़ियां लेता था और फिर खुद को मजबूर बताकर फर्जी कागजात के सहारे उन्हें बेच देता था। ओरमांझी थाना पुलिस ने इस मामले में बूटी मोड़ में रहने वाली महिला ज्योति उर्फ बॉबी और उसके दो सहयोगी मनोज श्रीवास्तव और विश्वजीत सिंह को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि विश्वजीत सिंह पर कांके समेत कई थानों में दर्जनों मामले दर्ज हैं। उस पर फायरिंग हत्या जैसे संगीन मामले दर्ज हैं और वह इस मामले में रांची पुलिस की ओर से वारंटी है। पुलिस को उसकी कई दिनों से तलाश थी।
जानकारी के मुताबिक, महिला पहले किराये पर गाड़ी लेती थी और अपने गैंग के मेंबर के माध्यम से दूसरे कस्टमर को बेचने का काम करती थी। अब तक इन लोगों ने कई लोगों को ठगने का काम किया है। पुलिस जांच में 25 भुक्तभोगी सामने आए हैं जिनके बयान पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने इस मामले में चार गाड़ियों को भी जब्त किया है।
also read : झारखंड चैंबर की लैंड रिफॉर्म उप समिति के चेयरमैन बने मुकेश अग्रवाल



