सरायकेला-खरसावां : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना इलाके में अपराधियों ने डकैती की बड़ी घटना को अंजाम दिया है। बीती देर रात 7 से 8 हथियारबंद और नकाब पहने बदमाश चांडिल बस स्टैंड के पास रहने वाले पूर्व आभूषण कारोबारी सुरेश चौधरी के घर में घुस गए। बदमाशों ने घर के लोगों को हथियार दिखाकर बंधक बना लिया और घर में रखे सोने-चांदी के गहने लेकर फरार हो गए। सबसे हैरानी की बात तो यह है कि बदमाशों ने इस वारदात को थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर अंजाम दिया और पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी।
Read More : हेमंत सोरेन से मिलने नेमरा पहुंचे पप्पू यादव और भूपेश बघेल, दी श्रद्धांजलि
हथियार दिखाकर परिवार को बनाया बंधक
मिली जानकारी के अनुसार देर रात करीब 1 बजे से 2:30 बजे के बीच सभी अपराधी मुख्य रास्ते से सुरेश चौधरी के घर में घुसे। उनके चेहरे गमछे से ढके हुए थे। घर में घुसते ही बदमाशों ने परिजनों पर बंदूक और धारदार हथियार तान दिए और पूरे परिवार को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद अपराधियों ने घर के अलग-अलग कमरों की तलाशी ली। वहां रखे सोने-चांदी के कीमती आभूषण समेटने के बाद सभी मौके से फरार हो गए।
कई साल पहले बंद हो चुका था आभूषण का कारोबार
पीड़ित सुरेश चौधरी के बेटे उमंग चौधरी ने बताया कि उनके पिता पहले चांडिल बाजार में आभूषण का कारोबार करते थे। हालांकि, कुछ साल पहले उन्होंने कारोबार बंद कर दिया था। इसके बावजूद परिवार के आभूषण घर में ही रखे हुए थे। उमंग चौधरी के मुताबिक, सभी अपराधियों ने अपने चेहरे पर गमछा बांध रखा था। इस वजह से अंधेरे में उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया।
पुलिस ने शुरू की छानबीन
थाने से कुछ ही दूरी पर डकैती की घटना होने से इलाके के कारोबारियों और स्थानीय लोगों में दहशत है। वारदात की सूचना मिलते ही चांडिल थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थानेदार संतन तिवारी ने मीडिया को बताया कि पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी की जा रही है।




