जमशेदपुर/रांची : संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा के मुद्दे पर कांग्रेस ने अपने आंदोलन को तेज करने की तैयारी शुरू कर दी है। संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को रांची में पार्टी संविधान रक्षा मार्च निकालेगी। यह मार्च भीमराव अंबेडकर चौक से शुरू होकर बिरसा चौक तक पहुंचेगा। इसमें पूर्वी सिंहभूम जिले से हजारों कांग्रेस नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे। शनिवार को जमशेदपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने मार्च की तैयारियों और इसके उद्देश्य की जानकारी दी।
Read More : अस्मिता वुशु टूर्नामेंट का रांची में आगाज, सीपी सिंह-महुआ माजी ने किया उद्घाटन
संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा का मुद्दा उठाएगी कांग्रेस
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक व्यवस्था, संविधान और संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता के सवाल पर लगातार आवाज उठाती रही है। उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की ओर से चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठाए गए सवालों का भी उल्लेख किया। शाहदेव ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। उनके मुताबिक, लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के मुद्दे उठाए थे। इन्हीं विषयों को लेकर पार्टी देशभर में अभियान चला रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार और भाजपा का संवैधानिक संस्थाओं पर प्रभाव बढ़ रहा है। कांग्रेस संविधान रक्षा मार्च के जरिए लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा का संकल्प दोहराएगी।
बेरोजगारी और पेपर लीक का मुद्दा भी उठाया
प्रेस वार्ता में शाहदेव ने बेरोजगारी, पेपर लीक और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं को लेकर छात्रों और युवाओं में असंतोष है। उन्होंने केंद्र और राज्यों के बीच संघीय व्यवस्था के तहत बेहतर समन्वय की जरूरत बताई। साथ ही आरोप लगाया कि झारखंड सहित विपक्षी दलों की सरकार वाले राज्यों के साथ केंद्र का रवैया भेदभावपूर्ण है।
सुबह आठ बजे साकची आमबगान मैदान में जुटेंगे कार्यकर्ता
पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह ने बताया कि संविधान रक्षा मार्च में जिले से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रांची पहुंचेंगे। इसके लिए 26 नवंबर की सुबह आठ बजे साकची आमबगान मैदान में कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्रित होंगे। यहां से सभी रांची के लिए प्रस्थान करेंगे। उन्होंने बताया कि मार्च में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए संगठन के विभिन्न पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसमें विधानसभा प्रभारी, प्रखंड एवं मंडल संगठन प्रभारी, प्रखंड अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, पंचायत अध्यक्ष और विभिन्न मंच-मोर्चों के पदाधिकारी शामिल हैं।
प्रेस वार्ता में ये कांग्रेस नेता रहे मौजूद
प्रेस वार्ता में संजय सिंह आजाद, आशुतोष कुमार सिंह, ज्योति मिश्रा, राकेश साहू, राजा सिंह राजपूत, राजकुमार वर्मा, गुरदीप सिंह, सुखदेव सिंह मल्ली, जसवंत सिंह जस्सी, रंजीत सिंह, रंजीत झा और इंतेकाब सहित कई कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।



