जमशेदपुर : भाजपा की ओर से लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ अभियान के तहत गुरुवार को जमशेदपुर में पदयात्रा निकाली गई। इसमें रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, जमशेदपुर के सांसद बिद्युत वरण महतो, जदयू विधायक सरयू राय, विधायक पूर्णिमा साहू, पूर्व विधायक मेनका सरदार और मीरा मुंडा समेत कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। दयात्रा से पहले साकची स्थित आम बागान मैदान में विशाल जनसभा आयोजित की गई। इस दौरान भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर निशाना साधा। नेताओं ने कहा कि कांग्रेस किसी भी हद तक जाकर सत्ता हासिल करना चाहती है, लेकिन भाजपा उसके मंसूबों को पूरा नहीं होने देगी।
Read More : चुनाव आयोग ने 6 राज्यों में मतदाता सूची संशोधन का शेड्यूल किया जारी
संजय सेठ ने कांग्रेस पर साधा निशाना
रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने मीडिया से बातचीत में कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है और देश संविधान से चलता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग संविधान को नहीं मानते और अब उन्हें ईवीएम ही नहीं, बैलेट पेपर पर भी भरोसा नहीं है। उन्होंने कहा कि भारत की चुनावी प्रक्रिया को समझने के लिए कई देश शोध कर रहे हैं। संजय सेठ ने कहा कि 50 साल से ज्यादा समय तक देश में शासन करने वाली कांग्रेस का नारा गरीबी हटाओ था, लेकिन गरीबी नहीं हटी। उन्होंने कहा कि विश्व बैंक ने भी बताया है कि मोदी सरकार के कार्यकाल में भारत में गरीबी घटी है। उन्होंने आरोप लगाया कि इंदिरा गांधी के शासनकाल में कांग्रेस ने 92 बार अनुच्छेद 356 का उल्लंघन किया। संजय सेठ ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में आपातकाल लगा था, लेकिन अब जनता मोदी जी के साथ है।
राहुल गांधी को डिबेट की खुली चुनौती
संजय सेठ ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को खुली चुनौती देते हुए कहा कि वे बहस के लिए समय और जगह तय कर लें। उन्होंने कहा कि वह सिर्फ पांच मिनट में यह साबित कर देंगे कि राहुल गांधी देश के सबसे बड़े विरोधी हैं।
रघुवर दास बोले, देश में अब वंशवाद की राजनीति नहीं चलेगी
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि अब देश में वंशवाद की राजनीति नहीं चलेगी। जनता लोकतंत्र की राजनीति चाहती है और भाजपा लोकतंत्र की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसी भी हद तक जाकर सत्ता हासिल करना चाहती है, लेकिन भाजपा उसके मंसूबों को पूरा नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि अब जनता भी इसे देख रही है।
दो चरणों में निकाली जा रही पदयात्रा
भाजपा देशभर में लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ पदयात्रा निकाल रही है। झारखंड में यह आंदोलन दो चरणों में अलग-अलग जिलों में आयोजित किया जा रहा है। इसी अभियान के तहत कोल्हान प्रमंडल के जमशेदपुर में पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार भाजपा ने पदयात्रा निकाली।



