पटना : सीएम सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित बिहार मंत्रिमंडल की बैठक में बुधवार को कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में बक्सर स्थित भगवान वामन मंदिर के विकास, राज्य के 31 बस स्टैंडों के आधुनिकीकरण, पांच नए केंद्रीय विद्यालयों की स्थापना तथा ‘सोमनाथ यात्रा’ के आयोजन सहित कई अहम निर्णय लिए गए।
Read More : श्रावणी मेला 2026 के लिए हावड़ा-नटेसर स्पेशल ट्रेन, जानें टाइमिंग और रूट
कैबिनेट ने बक्सर स्थित केंद्रीय कारा परिसर में अवस्थित भगवान वामन मंदिर के विकास, सौंदर्यीकरण और श्रद्धालुओं के लिए सुगम प्रवेश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्णय लिया। इसके तहत मंदिर परिसर के लिए भूमि को अलग से चिन्हित कर सुरक्षित रखने, चहारदीवारी और सुरक्षा व्यवस्था विकसित करने के साथ समग्र विकास का मार्ग प्रशस्त किया जाएगा।
31 बस स्टैंड पीपीपी मॉडल पर होंगे विकसित
बिहार सरकार ने आधुनिक, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से राज्य के 31 बस स्टैंडों के आधुनिकीकरण और समग्र विकास को सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल पर विकसित करने की सैद्धांतिक मंजूरी दी है।
इस योजना में पटना, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, गया, दरभंगा, पूर्णिया, मुंगेर, कटिहार, सहरसा, नवादा, मधुबनी और किशनगंज समेत राज्य के विभिन्न जिलों के बस स्टैंड शामिल हैं। इन बस स्टैंडों पर आधुनिक यात्री प्रतीक्षालय, पार्किंग, व्यावसायिक सुविधाएं, डिजिटल सेवाएं, स्वच्छता और बेहतर यातायात प्रबंधन जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
Read More : बिहार की सभी जेलों में लागू होंगे नए नियम, सुरक्षा और बंदियों के पुनर्वास पर सरकार का जोर
सोमनाथ यात्रा और पांच नए केंद्रीय विद्यालयों को मंजूरी
कैबिनेट बैठक में “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व–1000 वर्ष की अटूट आस्था” के अवसर पर बिहार के लगभग 1100 श्रद्धालुओं के लिए 20 जुलाई 2026 से दो दिवसीय सोमनाथ यात्रा आयोजित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। सरकार ने यात्रा के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए आवश्यक स्वीकृति प्रदान की है।
इसके अलावा राज्य में पांच नए केंद्रीय विद्यालयों की स्थापना को भी मंजूरी मिली है। ये विद्यालय पूर्णिया पूर्व (मौजा–मधुबनी, जिला पूर्णिया), राजगीर (मौजा–पिलखी, जिला नालंदा), शेखपुरा (मौजा–नीमी, जिला शेखपुरा), मधेपुरा (मौजा–साहुगढ़, जिला मधेपुरा) तथा मधुबनी (अंचल–राजनगर, मौजा–सतिहारपुर, जिला मधुबनी) में स्थापित किए जाएंगे। सरकार का कहना है कि इन विद्यालयों के शुरू होने से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक शैक्षणिक संसाधन और बेहतर शिक्षण वातावरण उपलब्ध होगा।




