हजारीबाग: बरही थाना क्षेत्र के गया रोड में पुलिस ने छापेमारी कर भारी मात्रा में नकली पान मसाला जब्त किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने दो दुकानदारों को गिरफ्तार किया है।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी
जानकारी के अनुसार, हजारीबाग पुलिस अधीक्षक को सोम एरोमा प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के ‘एक्शन 7 टोबैको’ ब्रांड के नकली उत्पाद की बिक्री की सूचना मिली थी। इसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राधाप्रेम किशोर और थाना प्रभारी विनोद कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
दो दुकानों से 523 नकली पैकेट बरामn
पुलिस टीम ने गया रोड स्थित आर.के. ट्रेडर्स में जांच की। यहां से पीले रंग के 505 नकली पैकेट बरामद किए गए। दुकान मालिक संदीप सेठ (44) को गिरफ्तार किया गया।
संदीप सेठ की निशानदेही पर पुलिस ने पास स्थित नरेश प्रसाद स्टोर में भी छापेमारी की, जहां से नीले रंग के 18 नकली पैकेट बरामद हुए। इस तरह दोनों दुकानों से कुल 523 नकली पैकेट जब्त किए गए।
कॉपीराइट उल्लंघन और धोखाधड़ी का मामला
जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि जब्त पैकेटों पर मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट दर्ज नहीं थी। आरोप है कि पैकेट के बाहर 5 रुपये और अंदर 3 रुपये की MRP प्रिंट कर असली कंपनी के नाम पर नकली उत्पाद बेचे जा रहे थे।
पुलिस ने दोनों दुकानदारों के खिलाफ कॉपीराइट उल्लंघन और धोखाधड़ी से संबंधित मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।




