रांची : रिम्स-2 अस्पताल के निर्माण को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। पार्टी प्रवक्ता अख्तर अली ने प्रेस वार्ता में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर राज्य के विकास कार्यों में बाधा डालने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि झारखंड की साढ़े तीन करोड़ जनता के स्वास्थ्य और अधिकारों के साथ खिलवाड़ करना बीजेपी की राजनीति का हिस्सा रहा है और रिम्स-2 जैसे महत्वाकांक्षी अस्पताल परियोजना को रोकने के लिए राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग का सहारा लिया जा रहा है।
Read More : रांची में सिमलिया फार्महाउस के बाहर जुटे माही के फैंस,केक काटकर मनाया जन्मदिन
उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार विकास कार्यों को रोकने के लिए किसी भी राजनीतिक दबाव के आगे झुकने वाली नहीं है और रिम्स-2 परियोजना को जनहित में पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग का आरोप
प्रेस वार्ता के दौरान अख्तर अली ने कहा कि बीजेपी अपनी राजनीतिक जमीन खिसकने के बाद राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग जैसी संवैधानिक संस्थाओं का राजनीतिक इस्तेमाल कर रही है। उनके अनुसार, आयोग की आड़ लेकर राज्य के विकास कार्यों को बाधित करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे गरीब और जरूरतमंद लोगों के हित प्रभावित होंगे।
Read More : भारत टैक्सी’ सेवा रांची और पटना में भी जल्द होगी शुरू
उन्होंने कहा कि संघीय ढांचे में आयोग के आदेश केवल अनुशंसात्मक होते हैं। ऐसे में झारखंड सरकार जनहित के कार्यों को रोकने के उद्देश्य से दिए गए किसी भी असंवैधानिक या राजनीतिक रूप से प्रेरित दबाव को मानने के लिए बाध्य नहीं है।
रिम्स-2 को लेकर बीजेपी से पूछे तीन सवाल
अख्तर अली ने कहा कि एक ओर बीजेपी आदिवासियों के हितैषी होने का दावा करती है, वहीं दूसरी ओर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने वाली रिम्स-2 परियोजना का विरोध कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी नहीं चाहती कि झारखंड के लोगों को रांची में ही बड़े महानगरों जैसी स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें। उन्होंने कहा कि चाहे राजभवन, केंद्रीय एजेंसियों या किसी आयोग का सहारा लिया जाए, राज्य सरकार अपने विकास संकल्प से पीछे नहीं हटेगी और रिम्स-2 का निर्माण हर हाल में पूरा किया जाएगा।
प्रेस वार्ता में अख्तर अली ने बीजेपी से तीन सवाल भी पूछे। पहला, क्या बीजेपी चाहती है कि झारखंड के गरीब मरीज इलाज के अभाव में दम तोड़ते रहें? दूसरा, आदिवासियों के नाम पर राजनीति करने वाली बीजेपी बताए कि रिम्स-2 का विरोध करके वह किस आदिवासी समाज का हित कर रही है? तीसरा, क्या राज्य के विकास को रोकना ही अब बीजेपी का एकमात्र एजेंडा बन गया है?
उन्होंने कहा कि बीजेपी यह भ्रम न पाले कि ऐसे प्रयासों से सरकार को डराया जा सकता है। उनके अनुसार, रिम्स-2 झारखंड के स्वास्थ्य क्षेत्र की महत्वपूर्ण परियोजना है और सरकार इसे जनहित में पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। साथ ही उन्होंने कहा कि राज्य की जनता इन घटनाक्रमों को देख रही है और समय आने पर इसका जवाब देगी।




