रांची: एचआईवी-एड्स और यौन संचारित संक्रमणों को लेकर लोगों को जागरूक करने के लिए सदर अस्पताल रांची में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। झारखंड स्टेट एड्स कंट्रोल सोसाइटी (JSACS) के सहयोग से जागरूकता रैली और कैंडल मार्च निकाला गया. कार्यक्रम में स्वास्थ्यकर्मियों, ANMTC की छात्राओं और एड्स कंट्रोल सोसाइटी के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
रैली के दौरान लोगों को HIV/AIDS से बचाव, सुरक्षित व्यवहार, समय पर जांच और इलाज की जानकारी दी गई। साथ ही HIV संक्रमित लोगों के साथ भेदभाव नहीं करने की अपील की गई। प्रतिभागियों ने पोस्टर और संदेशों के जरिए लोगों को जागरूक किया। इस दौरान “HIV की जानकारी, जीवन बचाती है” जैसे संदेश दिए गए।
कार्यक्रम के साथ सदर अस्पताल के ICTC की ओर से स्वास्थ्यकर्मियों के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया। शिविर में कुल 110 लोगों की जांच की गई। जांच में HIV का कोई भी Reactive मामला नहीं मिला। वहीं एक व्यक्ति में सिफलिस की रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
also read : रोशिबिना देवी ने रचा इतिहास, तीन एशियन गेम्स में तीन पदक जीतने वाली पहली भारतीय वुशु खिलाड़ी
सिफलिस पॉजिटिव पाए गए व्यक्ति को डॉक्टरों की ओर से जरूरी सलाह दी गई। साथ ही आगे की जांच और इलाज के लिए उचित मार्गदर्शन दिया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्यकर्मियों और मौजूद लोगों को HIV/AIDS संक्रमण फैलने के तरीकों और इससे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। लोगों को नियमित जांच और उपलब्ध इलाज की सुविधाओं के बारे में भी बताया गया।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों से अपील की गई कि HIV/AIDS या किसी भी यौन संचारित संक्रमण को लेकर भ्रम या झिझक न रखें। जरूरत होने पर नजदीकी ICTC केंद्र में गोपनीय जांच और परामर्श की सुविधा ली जा सकती है।
also read : राहुल गांधी ने CEC ज्ञानेश कुमार से मांगा इस्तीफा, लगाए गंभीर आरोप



