जामताड़ा: भारतीय वुशु खिलाड़ी रोशिबिना देवी ने एची-नागोया एशियन गेम्स 2026 में महिलाओं के 60 किग्रा सांदा वर्ग में रजत पदक जीतकर भारतीय खेल जगत में एक उपलब्धि दर्ज की है। उनके अनुसार, यह उनका लगातार तीसरा एशियन गेम्स पदक है।रोशिबिना देवी ने वर्ष 2018 के जकार्ता एशियन गेम्स में कांस्य पदक जीता था।
इसके बाद 2023 के हांगझोऊ एशियन गेम्स में उन्होंने रजत पदक हासिल किया। अब 2026 एची-नागोया एशियन गेम्स में भी उन्होंने रजत पदक अपने नाम किया है।इस तरह तीन लगातार एशियन गेम्स में पदक जीतना उनके करियर की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, वह तीन लगातार एशियन गेम्स में पदक जीतने वाली पहली भारतीय वुशु खिलाड़ी बनी हैं।
फाइनल में चीन की खिलाड़ी से मुकाबला
महिलाओं के 60 किग्रा सांदा वर्ग के फाइनल मुकाबले में रोशिबिना देवी का सामना चीन की झांग शियाओयू से हुआ। फाइनल में उन्हें 0-2 से हार का सामना करना पड़ा और उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा।हालांकि, लगातार तीसरे एशियन गेम्स में पदक हासिल करने की उनकी उपलब्धि भारतीय वुशु के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
जामताड़ा वुशु एसोसिएशन ने दी बधाई
रोशिबिना देवी की उपलब्धि पर जामताड़ा जिला वुशु एसोसिएशन के निदेशक दीपक दुबे ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि देश की बेटियों की उपलब्धियों पर गर्व है। उन्होंने युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर और नियमित प्रतियोगिताएं उपलब्ध कराने की जरूरत पर जोर दिया।
झारखंड राज्य वुशु एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा सहित डॉ. कविता सिंह, सुनील सूर्यात, डॉ. अंशु साहू, मनोज कुमार महतो, उदय साहू, मनोज कुमार साहू, शैलेन्द्र दुबे, गोकुलनंद मिश्रा, अभिषेक कुमार, एम. कादिर, अमरदीप कुमार, संजय जैन, प्रतिमा कुमारी, अनिका सिंह समेत एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने रोशिबिना देवी को बधाई और शुभकामनाएं दीं।