रांची : अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) ने छात्र-छात्राओं को संगठन से जोड़ने के लिए रामलखन सिंह यादव महाविद्यालय से सदस्यता अभियान की शुरुआत की। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने आजसू की सदस्यता ली। इस दौरान छात्रों ने संगठन के विचारों और छात्रहित से जुड़े आंदोलनों को मजबूती देने का संकल्प लिया।
Read More : रांची स्टेट लाइब्रेरी में लगी आग, छात्रों में मची अफरा-तफरी
छात्रों की समस्याओं को उठाने का दावा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आजसू पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की समस्याओं को मजबूती से उठाना और उनके अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करना है। पदाधिकारियों ने कहा कि महाविद्यालय में शिक्षा, छात्र सुविधाओं, पुस्तकालय, छात्रावास, परीक्षा व्यवस्था और छात्रवृत्ति समेत कई छात्रहित के मुद्दों को लेकर आजसू लगातार आवाज उठाता रहा है। सदस्यता अभियान के जरिए ज्यादा से ज्यादा छात्र-छात्राओं को संगठन से जोड़ने और छात्रहित से जुड़े मुद्दों को और प्रभावी तरीके से उठाने का लक्ष्य रखा गया है।
छात्र भागीदारी से बदलाव पर जोर
संगठन के नेताओं ने कहा कि युवा शक्ति सकारात्मक बदलाव की बड़ी ताकत है। छात्रों की सक्रिय भागीदारी से शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने और विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी पहल की जा सकती है। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष हरीश कुमार, ओम वर्मा, चेतन प्रकाश, अमन साहू, राजेश सिंह, रोशन नायक, मोहन रविदास, राधिका कुमारी, धीरज और लक्ष्मी समेत अन्य छात्र-छात्राएं और संगठन के कार्यकर्ता मौजूद रहे। आजसू ने सभी छात्र-छात्राओं से संगठन से जुड़ने और छात्रहित, शिक्षा और बेहतर शैक्षणिक माहौल बनाने की मुहिम को मजबूत करने की अपील की।





