अजिंक्य रहाणे ने क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से लिया संन्यास, लिखा- “Cap 278 Signing Off”

भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है।
अजिंक्य रहाणे

नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। 38 वर्षीय रहाणे ने गुरुवार, 30 जुलाई को इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट साझा कर अपने लंबे क्रिकेट करियर को विराम देने की जानकारी दी। रहाणे ने अपने पोस्ट में लिखा, “कैप 278 विदा ले रहा है। वर्षों तक मिले प्यार और समर्थन के लिए आप सभी का धन्यवाद। मैं हमेशा आपका आभारी रहूंगा।”

उन्होंने अपने प्रशंसकों, टीम के साथियों, कोचों और भारतीय क्रिकेट से जुड़े सभी लोगों का धन्यवाद किया। रहाणे ने साफ किया कि वह क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास ले रहे हैं। इसके साथ ही उनका आईपीएल करियर भी समाप्त हो गया। रहाणे आईपीएल के पिछले सीजन में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के कप्तान थे। उन्होंने आईपीएल में केकेआर के अलावा चेन्नई सुपर किंग्स, राजस्थान रॉयल्स, राइजिंग पुणे सुपरजायंट, दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस का भी प्रतिनिधित्व किया।

बल्लेबाजी के साथ कप्तानी में भी बनाया खास रिकॉर्ड

अजिंक्य रहाणे उन चुनिंदा भारतीय खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिन्होंने टेस्ट, वनडे और टी20 इंटरनेशनल तीनों फॉर्मेट में भारतीय टीम की कप्तानी की। टेस्ट क्रिकेट में रहाणे ने छह मैचों में भारत की कप्तानी की। उनकी कप्तानी में भारतीय टीम ने चार मैच जीते, जबकि दो मुकाबले ड्रॉ रहे। खास बात यह रही कि उनकी कप्तानी में भारत को एक भी टेस्ट मैच में हार का सामना नहीं करना पड़ा। वनडे क्रिकेट में रहाणे ने तीन मैचों में भारतीय टीम की कप्तानी की और तीनों मुकाबलों में भारत को जीत मिली। वहीं, टी20 इंटरनेशनल में उन्होंने दो मैचों में टीम की कमान संभाली, जिसमें भारत ने एक मैच जीता और एक मुकाबले में हार मिली।

तीनों फॉर्मेट में बनाए 8,414 रन

अजिंक्य रहाणे ने भारत के लिए 85 टेस्ट, 90 वनडे और 20 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले। तीनों फॉर्मेट को मिलाकर उन्होंने 8,414 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 15 शतक और 51 अर्धशतक निकले। आईपीएल में रहाणे ने 212 मैच खेले और 30.15 की औसत से 5,367 रन बनाए। उन्होंने इस लीग में दो शतक और 35 अर्धशतक लगाए।

ऑस्ट्रेलिया में दिलाई थी ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज जीत

रहाणे के करियर का सबसे यादगार दौर साल 2020-21 के ऑस्ट्रेलिया दौरे पर देखने को मिला। एडिलेड टेस्ट में भारत की हार के बाद विराट कोहली स्वदेश लौट गए थे। इसके बाद रहाणे ने टीम की कप्तानी संभाली। मेलबर्न टेस्ट में रहाणे ने शानदार शतक लगाया और भारत को सीरीज में वापसी दिलाई। इसके बाद युवा खिलाड़ियों से सजी भारतीय टीम ने ब्रिस्बेन के गाबा मैदान पर ऐतिहासिक जीत दर्ज की। भारत ने ऑस्ट्रेलिया को उसी के घर में 2-1 से हराकर टेस्ट सीरीज अपने नाम की। यह जीत भारतीय क्रिकेट इतिहास की सबसे यादगार उपलब्धियों में शामिल है और रहाणे की कप्तानी को हमेशा याद किया जाएगा।

अजिंक्य रहाणे का टेस्ट करियर

  • मैच : 85
  • रन : 5,077
  • औसत : 38.46
  • शतक : 12
  • अर्धशतक : 26
  • स्ट्राइक रेट : 49.50
  • चौके : 578
  • छक्के : 35

अजिंक्य रहाणे का वनडे करियर

  • मैच : 90
  • रन : 2,962
  • औसत : 35.26
  • शतक : 3
  • अर्धशतक : 24
  • स्ट्राइक रेट : 78.63
  • चौके : 293
  • छक्के : 33

अजिंक्य रहाणे का T20 इंटरनेशनल करियर

  • मैच : 20
  • रन : 375
  • औसत : 20.83
  • अर्धशतक : 1
  • स्ट्राइक रेट : 113.29
  • चौके : 32
  • छक्के : 6
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *