पलामू : पलामू जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने होमगार्ड कार्यालय में तैनात मुंशी साकेश कुजूर को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। आरोप है कि वह होमगार्ड में ड्यूटी लगाने के बदले लोगों से अवैध रूप से पैसे मांग रहा था। मिली जानकारी के अनुसार साकेश कुजूर पर कई लोगों से ड्यूटी दिलाने के एवज में 10-10 हजार रुपये मांगने का आरोप है। इस संबंध में एक व्यक्ति ने एसीबी को लिखित शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता का आरोप था कि होमगार्ड में ड्यूटी देने के बदले उससे रिश्वत मांगी जा रही है।
Read More : झारखंड में दिवाली पर नौ जोड़ी मेमू ट्रेनें रद्द, यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने पहले आरोपों का सत्यापन कराया। जांच में रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि होने के बाद टीम ने आरोपी को पकड़ने की योजना बनाई। तय योजना के तहत जैसे ही मुंशी ने शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये लिए, पहले से तैयार एसीबी टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुट गई है। कार्रवाई के बाद होमगार्ड कार्यालय में हड़कंप मच गया।



