पूर्वी सिंहभूम : पूर्वी सिंहभूम के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते बच गया। बाराद्वारी दुर्गापूजा मैदान के समीप चालक की लापरवाही के कारण तेज गति से अनियंत्रित हुई कार ने पहले सड़क किनारे खड़ी दूसरी कार को टक्कर मारी। इसके बाद अपार्टमेंट का मुख्य गेट तोड़ते हुए बेसमेंट पार्किंग में जा घुसी। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि, दोनों कारों के अलावा अपार्टमेंट के मुख्य गेट और गैरेज को काफी नुकसान पहुंचा है।
Read More : अधिवक्ता अनुष्का की संदिग्ध मौत पर हाईकोर्ट सख्त, केस डायरी तलब
किसी को लेने अपार्टमेंट पहुंचा था चालक
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, मानगो निवासी मुन्ना नाम का कार चालक सफेद रंग की कार (जेएच-22-जी-7727) से बाराद्वारी स्थित एक अपार्टमेंट में किसी व्यक्ति को लेने पहुंचा था। बताया गया कि कार आगे बढ़ाने के दौरान अचानक चालक का पैर एक्सीलेटर पर जोर से पड़ गया। इसके बाद कार उसके नियंत्रण से बाहर हो गई और दुर्गापूजा मैदान की रेलिंग के पास खड़ी लाल रंग की कार (जेएच-05-बीएच-9605) से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि खड़ी कार के दोनों दरवाजे क्षतिग्रस्त हो गए।
पीछे करने के दौरान अपार्टमेंट के गेट से टकराई कार
हादसे के बाद चालक ने घबराहट में कार को पीछे करने का प्रयास किया। इस दौरान सफेद कार तेजी से पीछे की ओर गई और अपार्टमेंट के मुख्य गेट से टकराकर बेसमेंट पार्किंग में जा घुसी। टक्कर से गेट के निचले हिस्से का एंगल टूट गया। वहीं, गैरेज के गेट को भी नुकसान पहुंचा। सफेद कार के आगे और पीछे चालक की तरफ का हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया।
बारिश के कारण बाल-बाल बचा सुरक्षा गार्ड
अपार्टमेंट के सुरक्षा गार्ड ने बताया कि बारिश के मौसम के कारण वह उस समय अपने सामान्य स्थान से कुछ अंदर हटकर बैठा था। इसी वजह से वह कार की चपेट में आने से बच गया। गार्ड के मुताबिक, सामान्य दिनों में वह गेट के बिल्कुल पास बैठता है। घटना के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और काफी देर तक दुर्घटना को लेकर चर्चा होती रही।



