रांची : झारखंड की राजधानी रांची 39वीं राष्ट्रीय अंडर-9 ओपन एवं गर्ल्स शतरंज चैंपियनशिप-2026 की मेजबानी के लिए तैयार है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 6 से 12 जुलाई तक सरला बिरला विश्वविद्यालय के महिलौंग परिसर में आयोजित होगी। सात दिनों तक चलने वाली इस चैंपियनशिप में देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से 438 बाल शतरंज खिलाड़ी हिस्सा लेकर अपनी रणनीति, एकाग्रता और बौद्धिक कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
Read More : रांची में गुरु नानक सेवक जत्था ने जरूरतमंद बच्चों के बीच बांटे रेनकोट, चेहरों पर दिखी खुशी
इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन ऑल झारखंड चेस एसोसिएशन द्वारा रांची जिला चेस एसोसिएशन के सहयोग से तथा ऑल इंडिया चेस फेडरेशन (AICF) के तत्वावधान में किया जा रहा है। प्रतियोगिता को विश्व शतरंज महासंघ (FIDE) की मान्यता भी प्राप्त है। करीब आठ वर्षों के अंतराल के बाद रांची को फिर से इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला है। प्रतियोगिता के लिए कुल पांच लाख रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है।
सरला बिरला विश्वविद्यालय में तैयारियां पूरी
आयोजन स्थल सरला बिरला विश्वविद्यालय में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने आवास, भोजन, प्रतियोगिता हॉल, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा और अन्य जरूरी इंतजाम किए हैं, ताकि प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर के अनुरूप बेहतर सुविधाएं मिल सकें। आयोजकों का मानना है कि इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले कई खिलाड़ी भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं। ऐसे में यह चैंपियनशिप युवा खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का महत्वपूर्ण मंच साबित होगी।
Read More : रांची सिटीजन फोरम ने 47 वार्ड पार्षदों से की मुलाकात, विकास कार्यों और फंड की कमी पर उठाए सवाल
झारखंड में शतरंज को मिलेगा बढ़ावा
आयोजकों के अनुसार, इस आयोजन से झारखंड में शतरंज जैसे बौद्धिक खेलों के प्रति युवाओं का रुझान बढ़ेगा। साथ ही देशभर से आने वाले खिलाड़ी, कोच, अभिभावक और अधिकारी झारखंड की संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य और आतिथ्य से भी परिचित होंगे। प्रतियोगिता को सीसीएल, एनटीपीसी और बीसीसीएल का सहयोग प्राप्त है।
ऑर्गेनाइजिंग सेक्रेटरी नवजोत अलंग ने कहा कि रांची के लिए यह गर्व का अवसर है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उनका कहना है कि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा का माहौल उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उन्हें विश्वास है कि यह राष्ट्रीय चैंपियनशिप झारखंड के खेल इतिहास में नई पहचान बनाएगी और यहां से भविष्य के कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी उभरकर सामने आएंगे।
Read More : पुंदाग के श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में भक्ति का संगम, 273वें अन्नपूर्णा महाप्रसाद में उमड़े श्रद्धालु




