जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को स्थित भुवनेश्वरी मंदिर रोड पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. चिन्मया स्कूल के विद्यार्थियों को लेकर जा रही एक टाटा विंगर वैन एन-111 के पास अचानक अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से टकरा गई. इस हादसे में करीब 15 से 17 बच्चे घायल हुए हैं, जिनमें से दो बच्चों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है. दुर्घटना में वैन चालक को भी गंभीर चोटें आई हैं.
Read More : एमएस धोनी को मद्रास हाई कोर्ट का आदेश, 9 अक्टूबर तक जवाब दें
टक्कर के बाद बच्चों में मची अफरा-तफरी
टक्कर इतनी जोरदार थी कि उसकी आवाज दूर तक सुनाई दी. वैन के डिवाइडर से टकराते ही उसमें सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई. आवाज सुनकर आसपास के लोग और पास के फ्लैटों में रहने वाले निवासी तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े. देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डिवाइडर से टकराने के बाद वैन का चैंबर फट गया और वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बिना किसी देरी के वैन में फंसे बच्चों को बाहर निकालना शुरू किया.
कार सामने आने से बिगड़ा वैन का संतुलन
स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शी उत्तम के मुताबिक, हादसे से ठीक पहले वैन के सामने एक कार आ गई थी जो काफी करीब से गुजरी. इसके बाद चालक ने पीछे देखने की कोशिश की और इसी दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ गया. हालांकि, हादसा कार की वजह से हुआ या इसका कोई अन्य कारण था, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो पाएगी. दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय निवासियों की मदद से सभी घायल बच्चों और चालक को इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल में सभी का उपचार जारी है, जहां दो बच्चों और वैन चालक की हालत गंभीर बनी हुई है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और संबंधित अधिकारियों ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है.



