रांची : प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने शुक्रवार की सुबह सरायकेला स्थित पटनायक टोला में ठेकेदार संजय डालमिया के आवास पर छापेमारी की. सुबह करीब सात बजे तीन वाहनों में सवार होकर पहुंची ED की टीम ने पूरे आवास को अपने कब्जे में लेकर गहन तलाशी शुरू कर दी. जांच एजेंसी की टीम घर के भीतर अलग-अलग हिस्सों में रखे दस्तावेजों और अन्य सामानों को खंगाल रही है.
Read More : एमएस धोनी को मद्रास हाई कोर्ट का आदेश, 9 अक्टूबर तक जवाब दें
35 करोड़ रुपये के बैंक लोन से जुड़ा मामला
सूत्रों के मुताबिक, ED की यह कार्रवाई सहकारिता बैंक से लगभग 35 करोड़ रुपये का लोन लेने और उसका भुगतान न करने से जुड़े मामले में की जा रही है. जांच एजेंसी मामले से जुड़े वित्तीय लेन-देन, बैंक खातों और महत्वपूर्ण कागजातों की जांच में जुटी है. छापेमारी के दौरान ठेकेदार के आवास के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम देखे गए. सुबह-सुबह हुई इस कार्रवाई के चलते इलाके के लोगों में हलचल मच गई और आसपास के निवासियों की नजरें मौके पर टिकी रहीं. हालांकि, इस कार्रवाई को लेकर ED की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.
जमानत पर बाहर हैं कारोबारी संजय डालमिया
मिली जानकारी के अनुसार लोन डिफॉल्ट से जुड़े इस मामले में कारोबारी संजय डालमिया फिलहाल जमानत पर बाहर हैं. ED की टीम आवास के भीतर अपनी जांच-पड़ताल जारी रखे हुए है. तलाशी की प्रक्रिया पूरी होने और जांच एजेंसी द्वारा आधिकारिक जानकारी साझा किए जाने के बाद ही मामले के अन्य तथ्य सामने आ सकेंगे.




