पूर्वी सिंहभूम : पूर्वी सिंहभूम जिले के आजादनगर थाना क्षेत्र स्थित बामनगोड़ा के जाकिरनगर में संचालित केनरा बैंक की कबीर मेमोरियल शाखा में गोल्ड लोन के तहत गिरवी रखा गया करीब 1 करोड़ 10 लाख 48 हजार रुपये मूल्य का सोना कथित रूप से गायब होने का मामला सामने आया है। बैंक की आंतरिक ऑडिट में अनियमितता उजागर होने के बाद बैंक प्रबंधन ने आजादनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
Read More : पत्नी पर टिप्पणी से नाराज पति ने दोस्त की ली जान
बैंक के बिष्टुपुर स्थित क्षेत्रीय कार्यालय के रीजनल मैनेजर मंगेश रामानाथन (एम. रामानाथन) की शिकायत पर दर्ज एफआईआर के अनुसार, शाखा के लॉकर में सुरक्षित रखे गए गोल्ड लोन के कई पैकेट जांच के दौरान गायब मिले। शिकायत में कहा गया है कि कथित गबन 12 जून 2024 से 18 जून 2024 के बीच हुआ।
पूर्व अधिकारी और कर्मचारी नामजद
प्राथमिकी में तत्कालीन सीनियर मैनेजर एवं प्रथम लॉकर इंचार्ज मोहम्मद शाबीर, गोल्ड लोन ऑफिसर इमरान खान, द्वितीय चाबी अधिकारी सूरज टुडू, अधिकारी रिया घोष, तत्कालीन शाखा प्रभारी अनुज टोप्पो और दो अज्ञात व्यक्तियों को आरोपी बनाया गया है। बैंक के अनुसार, वर्तमान में इनमें से कोई भी अधिकारी संबंधित शाखा में कार्यरत नहीं है।
ऑडिट में सामने आई अनियमितता
बैंक में प्रत्येक तीन महीने पर होने वाली नियमित ऑडिट के दौरान गोल्ड लोन के रिकॉर्ड का लॉकर में सुरक्षित रखे गए सोने से मिलान किया गया। इसी प्रक्रिया में कई पैकेट गायब पाए गए, जिसके बाद बैंक प्रबंधन ने विस्तृत आंतरिक जांच शुरू की और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस और बैंक दोनों कर रहे जांच
आजादनगर थाना प्रभारी चंदन कुमार ने प्राथमिकी दर्ज होने की पुष्टि करते हुए बताया कि बैंक की लिखित शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक पूछताछ की जा चुकी है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि सोना किन परिस्थितियों में गायब हुआ, इसमें किन लोगों की भूमिका रही और कथित गबन को किस तरह अंजाम दिया गया। वहीं, बैंक प्रबंधन भी समानांतर रूप से आंतरिक जांच कर रहा है, ताकि पूरे घटनाक्रम और जिम्मेदार लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सके।




