बोकारो : बोकारो जिले के चंदनकियारी थाना अंतर्गत बरमसिया ओपी क्षेत्र से लापता 19 वर्षीय सागर कुमार की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, पत्नी पर कथित अभद्र टिप्पणी से नाराज होकर उसके दोस्त ने डंडे से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी और शव को जंगल में स्थित एक कुएं में फेंक दिया।
Read More : चाईबासा में हाथियों का तांडव, चार बच्चों के पिता की मौत, कई घर क्षतिग्रस्त
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी मानिक मांझी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने आगड्डीह गांव के समीप सिद्धाटांड़ जंगल के एक कुएं से सागर कुमार का शव बरामद किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस
चास के एएसपी वेदांत शंकर ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपी और मृतक की मुलाकात करीब पांच महीने पहले काम के दौरान हुई थी। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पत्नी को लेकर सागर कुमार की कथित गलत टिप्पणी से वह नाराज था, जिसके बाद उसने हत्या की योजना बनाई। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और डंडा भी जब्त कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
18 जुलाई से लापता था सागर कुमार
पुलिस के अनुसार, सागर कुमार 18 जुलाई से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता था। इस संबंध में बरमसिया ओपी में गुमशुदगी का मामला (कांड संख्या 85/2026) दर्ज किया गया था। जांच के दौरान मिले तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची और पूरे मामले का खुलासा हुआ।




