रांची : राजधानी रांची में गैंगस्टर प्रिंस खान के नाम पर कारोबारियों से रंगदारी मांगने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मिली जानकारी के अनुसार बरियातू थाना क्षेत्र के एक कारोबारी को व्हाट्सएप पर विदेशी नंबर से संदेश भेजकर 1 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। रकम नहीं देने पर कारोबारी और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई है।
Read More : ड्यूटी के दौरान ट्रैफिक पुलिसकर्मी पर हमला, मारपीट के बाद गोली मारने की धमकी, दो भाइयों पर केस दर्ज
पीड़ित कारोबारी बिजेंद्र सिंह ने इस मामले में बरियातू थाने में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मामले की पड़ताल के लिए टेक्निकल सेल और साइबर टीम को भी लगाया गया है, ताकि संदेश भेजने वाले की पहचान की जा सके।
विदेशी नंबर से भेजा गया धमकी भरा संदेश
कारोबारी के अनुसार, मंगलवार सुबह उनके व्हाट्सएप पर एक विदेशी नंबर से मैसेज आया। संदेश भेजने वाले ने खुद को “प्रिंस खान दुबई” बताया और 1 करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग की। मैसेज में उनके परिवार के सदस्यों का भी जिक्र किया गया। धमकी में कारोबारी की गाड़ी का नंबर और रंग भी लिखा गया था। संदेश में कहा गया कि यदि “सेटलमेंट” नहीं किया गया तो उनकी सफेद कार कभी भी लाल हो सकती है। कारोबारी ने इसे जान से मारने की सीधी धमकी बताते हुए पुलिस से सुरक्षा और कार्रवाई की मांग की है।
Read More : पलामू में एक ही परिवार की छठी मौत, ड्रॉप्सी और मिलावटी सरसों तेल के एंगल से जांच
पुलिस जांच में जुटी, साइबर टीम कर रही पड़ताल
बरियातू थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस टेक्निकल सेल और साइबर टीम की मदद से यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मैसेज किस स्थान और किस व्यक्ति ने भेजा है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि रंगदारी की मांग वास्तव में प्रिंस खान की ओर से की गई है या उसके नाम का इस्तेमाल कर कोई अन्य व्यक्ति कारोबारियों को निशाना बना रहा है।
पहले भी आ चुके हैं ऐसे मामले
पुलिस के अनुसार, इससे पहले भी प्रिंस खान के नाम पर कारोबारियों को धमकी भरे संदेश भेजे जाने के मामले सामने आ चुके हैं। शिकायतों में आरोप लगाया गया है कि कारोबारियों के मोबाइल नंबर, घर का पता और परिवार से जुड़ी जानकारी जुटाने के बाद उन्हें रंगदारी के लिए धमकाया जाता है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
Read More : FJCCI और JSDMS के बीच एमओयू, झारखंड में कौशल विकास और रोजगार को मिलेगी नई रफ्तार




