रांची : रांची नगर निगम ने शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित और सुगम बनाने की दिशा में मॉडल कॉरिडोर विकसित करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी क्रम में मंगलवार से कांके रोड स्थित राम मंदिर से रातू रोड चौक, हरमू बायपास, कैलाशपति मिश्र चौक होते हुए धुर्वा तक प्रस्तावित मॉडल कॉरिडोर के पहले चरण के तहत विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।
Read More : एम्स में पूरा हुआ दिव्यानी लिंडा के भाई का इलाज, संजय सेठ बोले- जल्द शुरू करेगा नया जीवन
सहायक नगर आयुक्त के नेतृत्व में अभियान के पहले दिन राम मंदिर, कांके रोड से शनि मंदिर, हरमू रोड तक अतिक्रमण और अव्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। कार्रवाई से पहले पूरे क्षेत्र में माइकिंग कर अतिक्रमणकारियों को स्वयं अतिक्रमण हटाने की अंतिम चेतावनी दी गई।
अवैध गुमटी हटाई, बिना ट्रेड लाइसेंस वाले प्रतिष्ठान बंद
अभियान के दौरान कांके रोड स्थित राम मंदिर के पास एक अवैध गुमटी को हटाया गया। वहीं, राम मंदिर के सामने स्थित सीएन होंडा शोरूम, राज कॉम्प्लेक्स और आसपास के प्रतिष्ठानों के ट्रेड लाइसेंस की जांच की गई। जांच में पांच प्रतिष्ठानों के पास वैध ट्रेड लाइसेंस नहीं मिलने पर उन्हें तत्काल बंद करा दिया गया।
Read More : रांची नगर निगम के पेंशनरों को राहत, 11 जुलाई को लगेगा पारिवारिक पेंशन विशेष शिविर
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि कई प्रतिष्ठानों के बाहर सड़क पर वाहन खड़े किए जा रहे थे, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा था। इस पर भवन मालिकों और प्रतिष्ठान संचालकों को सड़क पर पार्किंग नहीं करने तथा अपने परिसर के भीतर ही वाहन खड़े कराने के निर्देश दिए गए।
पोस्टर-होर्डिंग हटाए, अभियान रहेगा जारी
अभियान के दौरान न्यू पुलिस लाइन मार्ग के टर्निंग प्वाइंट पर एक ढाबे द्वारा किए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटाने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा हरमू रोड स्थित गौशाला के पास संचालित एक गोदाम को वैध ट्रेड लाइसेंस नहीं मिलने पर तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया। नगर निगम की टीम ने पूरे मार्ग से पाथवे और दीवारों पर लगे अवैध पोस्टर, बैनर, विज्ञापन और होर्डिंग भी हटाए, ताकि प्रस्तावित मॉडल कॉरिडोर को स्वच्छ और आकर्षक स्वरूप दिया जा सके।
Read More : 23 अगस्त को रांची में सजेगा ‘अपने-अपने श्याम’ दरबार, पोस्टर जारी
रांची नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि मॉडल कॉरिडोर को अतिक्रमण मुक्त, सुचारु यातायात और बेहतर नागरिक सुविधाओं के अनुरूप विकसित करने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। बिना वैध ट्रेड लाइसेंस के संचालित प्रतिष्ठानों और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




