रांची : हरमू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में मंगलवार को श्री श्याम मित्र मंडल की ओर से 211वें श्री सुंदरकांड एवं श्री हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया गया। पूरे मंदिर परिसर में ‘राम सिया राम, सिया राम जय जय राम’ के भजनों और बजरंग बली के जयकारों से भक्तिमय वातावरण बना रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस धार्मिक आयोजन में शामिल हुए।
Read More : जगन्नाथपुर रथ यात्रा 2026 : सुरक्षा और व्यवस्थाओं का डीसी-एसएसपी ने लिया जायजा, दिए अहम निर्देश
कार्यक्रम की शुरुआत मंडल के निवर्तमान महामंत्री विश्वनाथ नारसरिया ने बलराम मोदी से बालाजी महाराज की अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित कराकर कराई। इसके बाद बलराम मोदी ने बालाजी महाराज को केसरिया पेड़ा, गुड़, चना और फल का भोग अर्पित किया। यजमान ने श्रीरामचरितमानस ग्रंथ का पूजन कर पाठ वाचकों का चंदन-वंदन किया और आशीर्वाद प्राप्त किया।
संगीतमय सुंदरकांड पाठ में शामिल हुए श्रद्धालु
पाठ वाचक मनीष सारस्वत और ओम शर्मा ने अपने सहयोगियों के साथ ढोलक और ढपली की संगत में श्रीगणेश वंदना के साथ श्री हनुमान चालीसा का पाठ शुरू किया। इसके बाद उपस्थित श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से संगीतमय सुंदरकांड पाठ में भाग लिया। आयोजन के दौरान भजनों की प्रस्तुति भी दी गई। सुंदरकांड पाठ के समापन पर एक बार फिर श्री हनुमान चालीसा का पाठ हुआ। इसके बाद महाआरती की गई और सभी श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
Read More : झारखंड के युवा शोधकर्ता कुणाल अंबष्टा को सम्मान, यूरोप के वैज्ञानिक मंच पर करेंगे रिसर्च प्रस्तुत
11 जुलाई को होगा 208वां श्री श्याम भंडारा
आयोजन में श्रवण ढानढनिया ने चना प्रसाद सेवा, पुष्पा देवी पोद्दार ने केसरिया पेड़ा सेवा, मनीष साहू ने गिरिगोला सेवा तथा राजेश जायसवाल ने फल प्रसाद सेवा अर्पित की। इस अवसर पर मंडल के अध्यक्ष गोपाल मुरारका, महामंत्री गौरव अग्रवाल, निवर्तमान महामंत्री विश्वनाथ नारसरिया, उपाध्यक्ष श्रवण ढानढनिया, अशोक लड़ियां, कृष्णा, अंकित सिंह, संकेत चौधरी, ऋषभ चौरसिया, हर्ष मिश्रा, हिमांशु कुमार सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
Read More : झारखंड का आम्रपाली आम पहुंचा दुबई, लूलू मॉल में मिली वैश्विक बाजार में नई पहचान
मंडल के महामंत्री गौरव अग्रवाल ने बताया कि हरमू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में 11 जुलाई (शनिवार) को 208वें श्री श्याम भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इस भंडारे की सेवा मधु रावत अपने परिवार के साथ निवेदित करेंगे।




