पूर्वी सिंहभूम: इंडियन बैंक ने चाकुलिया प्रखंड की मालकुंडी पंचायत स्थित जामडोल में बाबू भाई मेटल प्रा. लि. कंपनी परिसर को सील कर दिया है। बैंक ने पांच करोड़ रुपये का ऋण न चुकाने के कारण कंपनी की संपत्ति पर कब्जा करने का यह कदम उठाया। रांची से पहुंची इंडियन बैंक की टीम ने प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के सहयोग से कार्रवाई पूरी की। बैंक प्रबंधन ने ऋण जमा कराने के लिए कंपनी प्रबंधन को कई बार नोटिस जारी किए थे। बकाया राशि का भुगतान न होने पर बैंक अधिकारियों ने कानूनी प्रक्रिया अपनाते हुए संपत्ति अधिग्रहण का काम पूरा किया।
कंपनी के मालिक ने पांच करोड़ रुपये के ऋण के बदले लगभग दो एकड़ जमीन बैंक के पास गिरवी रखी थी।
वर्ष 2017-18 से बंद पड़ा था परिसर
कंपनी वर्ष 2017-18 से ही बंद पड़ी थी। इसके बावजूद परिसर के भवन में कुछ कर्मचारी रह रहे थे। बैंक की टीम ने सबसे पहले कर्मचारियों से भवन को खाली कराया। इसके बाद पूरे परिसर का निरीक्षण किया। संपत्ति को नियंत्रण में लेने की पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई गई। परिसर खाली कराने के पश्चात टीम ने कंपनी के मुख्य प्रवेश द्वार को सील कर दिया और वहां बैंक के अधिकार से संबंधित सूचना वाला बैनर लगा दिया। बैनर में स्पष्ट किया गया है कि बिना अनुमति परिसर में प्रवेश करना या संपत्ति से किसी प्रकार का लेन-देन करना प्रतिबंधित है।



