रांची : झारखंड में 10वीं बोर्ड परीक्षा से पहले ही 11वीं में नामांकन की प्रक्रिया शुरू करने और ₹2,000 रजिस्ट्रेशन शुल्क लेने का मामला सामने आया है। जेवीएम श्यामली समेत रांची के विभिन्न स्कूलों की इस प्रक्रिया पर झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन ने आपत्ति जताई है। एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय राय ने आज यानी शनिवार को जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO), रांची को ईमेल के जरिए ज्ञापन भेजकर हस्तक्षेप और कार्रवाई की मांग की है। एसोसिएशन का कहना है कि फिलहाल 10वीं के विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा की तैयारी में जुटे हैं। CBSE और ICSE बोर्ड ने परीक्षा की तारीखें भी घोषित कर दी हैं। ऐसे समय में 11वीं में नामांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन, रजिस्ट्रेशन शुल्क, प्रवेश परीक्षा और समयसीमा का दबाव बच्चों के मानसिक तनाव को बढ़ा सकता है।
Read More : टाटा स्टील एक्सप्रेस के C3 कोच में लगी आग, चाकुलिया में रोकी गई ट्रेन
बोर्ड परीक्षाओं की तारीखों के बीच नामांकन का दबाव
CBSE और ICSE की 10वीं बोर्ड परीक्षाएं फरवरी 2027 से शुरू होंगी। दोनों बोर्ड की परीक्षा का निर्धारित कार्यक्रम इस प्रकार है।
-
CBSE कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा: 16 फरवरी 2027 से 9 मार्च 2027 तक।
-
ICSE कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा: 15 फरवरी 2027 से 31 मार्च 2027 तक।
एसोसिएशन के मुताबिक, बोर्ड परीक्षा विद्यार्थियों के शैक्षणिक जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है। ऐसे में उन्हें अगली कक्षा में दाखिले की प्रक्रिया में उलझाना उचित नहीं है। आवेदन, ₹2,000 रजिस्ट्रेशन शुल्क और प्रवेश प्रक्रिया को लेकर बच्चों के साथ अभिभावकों के बीच भी असमंजस और चिंता की स्थिति बन रही है।
अजय राय ने स्कूलों की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय राय ने सवाल उठाया कि क्या स्कूलों के लिए विद्यार्थियों की मानसिक स्थिति और बोर्ड परीक्षा की तैयारी से ज्यादा जरूरी अग्रिम नामांकन की प्रक्रिया और रजिस्ट्रेशन शुल्क वसूलना है? उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर भविष्य देना है। परीक्षा से ठीक पहले उन्हें दूसरी प्रवेश प्रक्रिया के दबाव में डालना उनके हित में नहीं है। अजय राय के अनुसार, स्कूलों को बच्चों की मानसिक स्थिति और पढ़ाई के प्रति संवेदनशील होना चाहिए। 10वीं बोर्ड परीक्षा समाप्त होने के बाद 11वीं में नामांकन की प्रक्रिया व्यवस्थित तरीके से शुरू की जा सकती है। एक परीक्षा की तैयारी के दौरान दूसरी परीक्षा और दाखिले की चिंता देना उचित नहीं है।
DEO से जांच और कार्रवाई की मांग
झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन ने DEO रांची से जेवीएम श्यामली समेत उन सभी विद्यालयों की प्रक्रिया की जांच कराने की मांग की है, जो 10वीं बोर्ड परीक्षा से पहले ही 11वीं में नामांकन के लिए आवेदन और रजिस्ट्रेशन शुल्क जमा करा रहे हैं। एसोसिएशन ने ₹2,000 या अन्य शुल्क की वैधता, औचित्य और पारदर्शिता की भी जांच करने को कहा है। साथ ही संबंधित विद्यालयों को निर्देश देने की मांग की है कि वे विद्यार्थियों और अभिभावकों पर नामांकन के लिए अनावश्यक दबाव न बनाएं।
विद्यार्थियों के हित को प्राथमिकता देने की मांग
अजय राय ने कहा कि विद्यार्थियों की मानसिक शांति, बोर्ड परीक्षा की तैयारी और शैक्षणिक हित सबसे महत्वपूर्ण हैं। स्कूलों को शिक्षा के नाम पर बच्चों और अभिभावकों पर आर्थिक बोझ डालने के साथ मानसिक तनाव और अनावश्यक असमंजस पैदा करने से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चे अभी 10वीं की बोर्ड परीक्षा की तैयारी करें या 11वीं में नामांकन की दौड़ में मानसिक रूप से उलझे रहें? जिला शिक्षा प्रशासन को इस मामले में संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल हस्तक्षेप करना चाहिए, ताकि विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा की तैयारी के लिए तनावमुक्त माहौल मिल सके।



