रांची : राजधानी एक्सप्रेस में झामुमो विधायक और सत्ता पक्ष के मुख्य सचेतक मथुरा प्रसाद महतो के साथ कथित दुर्व्यवहार के मामले में झारखंड विधानसभा की विशेषाधिकार समिति ने सख्त रुख अपनाया है। समिति ने ड्यूटी पर तैनात संबंधित टीटीई (TTE) के खिलाफ वारंट जारी किया है। उन्हें 3 दिसंबर को होने वाली समिति की अगली बैठक में सशरीर उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है। रेलवे के संबंधित अधिकारियों से कई बार स्पष्टीकरण मांगा गया था, लेकिन अब तक जवाब नहीं मिलने पर समिति ने यह कदम उठाया है। गुरुवार को सभापति रबीन्द्रनाथ महतो की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया।
Read More : विश्व बाल दिवस पर सीएम हेमंत सोरेन से मिले UNICEF के 10 बाल पत्रकार
संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर गिरफ्तारी का विकल्प
बैठक में संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने विधानसभा की गरिमा और विधायकों के विशेषाधिकार का मुद्दा उठाया। उन्होंने संबंधित टीटीई को समिति के सामने पेश कराने के लिए वारंट जारी करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि वारंट जारी होने के बाद भी यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है, तो गिरफ्तारी का विकल्प अपनाया जा सकता है।
3 दिसंबर को समिति के सामने पेश होंगे TTE
विशेषाधिकार समिति ने संबंधित टीटीई को 3 दिसंबर को होने वाली अगली बैठक में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने का निर्देश दिया है। रेलवे अधिकारियों की ओर से बार-बार स्पष्टीकरण नहीं मिलने के बाद समिति ने वारंट जारी करने का फैसला किया। बैठक में समिति के सभापति रबीन्द्रनाथ महतो, संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर और सदस्य प्रकाश राम मौजूद रहे।



