रांची: झारखंड क्रिस्चियन यूथ एसोसिएशन (JCYA) द्वारा आयोजित होने वाले क्रिसमस कार्निवल 2026 के पोस्टर का शुक्रवार को राजधानी के मोरहाबादी गेस्ट हाउस सभागार में विधिवत लॉन्च किया गया। पोस्टर लॉन्चिंग समारोह में मसीही समाज के धर्मगुरुओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवा प्रतिनिधियों एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। इस अवसर पर आगामी क्रिसमस कार्निवल की तिथि, मार्ग एवं आयोजन से संबंधित जानकारी साझा की गई।
इस वर्ष क्रिसमस कार्निवल 10 दिसंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा, जो लोयला से प्रारंभ होकर डंगरा टोली चौक होते हुए अल्बर्ट एक्का चौक तक जाएगा। कार्निवल के माध्यम से प्रेम, शांति, भाईचारे, एकता एवं सामाजिक सौहार्द का संदेश जन-जन तक पहुँचाने के साथ झारखण्ड की मसीही संस्कृति, परंपरा एवं उत्सव की भावना को प्रस्तुत किया जाएगा।
पोस्टर लॉन्चिंग कार्यक्रम में झारखंड क्रिस्चियन यूथ एसोसिएशन के केंद्रीय संरक्षक सुजीत कुजूर, केंद्रीय अध्यक्ष अलबिन लकड़ा, केंद्रीय महासचिव विकास तिर्की, अमरदीप करकेट्टा, गोबिंद टोप्पो, आकाश बारा, आकाश तिर्की एवं निश्छल सोय उपस्थित रहे।
झारखंड बिशप काउंसिल की ओर से बिशप अनिल रेवन, बिशप सुरेश सांगा, जयवंत तिर्की एवं मनमोहन पंडा की उपस्थिति रही। वहीं लोयला छात्रावास के अध्यक्ष मंडल से अनलदीप कुजूर, बसंत एक्का, सुमित लकड़ा, पुनीत लकड़ा एवं पिंगल कुजूर प्रोफ़ेसर बिलासीयूसिस पन्ना उपस्थित रहे।
इसके अलावा सिविल सोसाइटी और झारखंड क्रिस्चियन फ्रंट से कुमुदनी प्रभावती, ऑल इंडिया क्रिश्चन मोनिरिटी फ्रंट से प्रवीण कच्छप, प्रदीप बड़ाइक, सोनू लोहरा एवं माइकल कच्छप सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
झारखंड क्रिस्चियन यूथ एसोसिएशन के केंद्रीय अध्यक्ष अलबिन लकड़ा ने कहा की क्रिसमस कार्निवल वर्षों से समाज को एकजुट करने, युवाओं की सहभागिता बढ़ाने तथा क्रिसमस के संदेश को व्यापक रूप से साझा करने का माध्यम रहा है। इस वर्ष भी कार्निवल को उत्साह, सहभागिता एवं भाईचारे के साथ आयोजित करने की तैयारी की जा रही है।
एसोसिएशन ने मसीही समाज, चर्च के अगुवाओं, युवाओं एवं आम नागरिकों से 10 दिसंबर को आयोजित क्रिसमस कार्निवल में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।



