रांची: बुढ़मू प्रखंड के छापर गांव में नशा उन्मूलन को लेकर गायत्री परिवार की ओर से जन जागरण अभियान चलाया गया। गायत्री परिवार शक्तिपीठ सेक्टर-2, रांची के मार्गदर्शन में उत्क्रमित उच्च विद्यालय छापर के विद्यार्थियों ने गांव में नशा मुक्ति जागरूकता रैली निकाली। रैली में छात्र-छात्राएं नशा उन्मूलन से जुड़े सद्विचार और संदेश लिखी तख्तियां लेकर शामिल हुए। उन्होंने नशा मुक्ति के नारे लगाए और गीतों के माध्यम से ग्रामीणों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
Read More : रांची के पोताला मार्केट में डालसा का अभियान, नागरिकों को बताए कानूनी अधिकार
घर-घर जाकर लोगों को बताए नशे के नुकसान
अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने गांव के घरों में जाकर लोगों और उनके परिजनों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी। इस दौरान ग्रामीणों के बीच नशा मुक्ति से संबंधित छोटी पुस्तिका भी वितरित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत बुढ़मू ब्लॉक गायत्री परिवार के साधक बसंत कुमार साहू के नेतृत्व में हुई। रामकृष्ण मिशन के चैतन्य राज ने रैली को रवाना किया। इस दौरान विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रभात टोप्पो और शिक्षकगण भी मौजूद रहे।
नशा एक महामारी, कई परिवारों का जीवन प्रभावित : प्रधानाध्यापक
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रभात टोप्पो ने नशे की समस्या और उसके समाधान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नशा एक महामारी है। इसके प्रकोप से कई लोगों का जीवन नरक जैसी यातनाओं से गुजरता है। उन्होंने कहा कि जब नशा किसी व्यक्ति की मानसिकता में जगह बना लेता है, तो वह उसे दुर्दशा की ओर ले जाता है। इसलिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को नशा मुक्ति अभियान में सहयोग करना चाहिए।
ग्रामीणों ने अभियान की सराहना की
नशा मुक्ति जन जागरण यात्रा में गांव के लोगों, सहयोगियों और अन्य ग्रामीणों ने भाग लिया। उपस्थित लोगों ने इस पहल और जागरूकता कार्यक्रम की सराहना की। इस अवसर पर प्रखंड संयोजक ने गुरुवर श्रीपूज्यवर वेदमूर्ति-तपोनिष्ठ के युग निर्माण अभियान के तहत शांतिकुंज द्वारा निर्धारित कुछ विशेष बिंदुओं की जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों को इस अभियान के राष्ट्रीय और विश्वव्यापी कार्यक्रमों के बारे में भी बताया। इस समाचार की जानकारी गायत्री परिवार की ओर से दीपक दयाल प्रसाद और जय नारायण प्रसाद ने दी।






