पलामू : पलामू जिले के हैदरनगर रेलवे स्टेशन परिसर में रविवार को रेल उपभोक्ता समिति के बैनर तले क्षेत्र की वर्षों पुरानी रेल संबंधी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर एक दिवसीय धरना आयोजित किया गया। आंदोलन दोपहर करीब डेढ़ बजे तक जारी रहा। इस दौरान चक्का जाम की भी तैयारी थी, लेकिन रेलवे अधिकारियों के आग्रह पर प्रदर्शनकारियों ने रेलवे ट्रैक बाधित नहीं किया।
Read More : झारखंड में 9 जुलाई तक बारिश और वज्रपात का येलो अलर्ट, 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी हवा
धरना कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष गुप्तेश्वर पांडे ने की। मौके पर समिति के संयोजक प्रेमतोष सिंह गुड्डू सहित बड़ी संख्या में समिति सदस्य और स्थानीय लोग मौजूद रहे। समिति ने कहा कि यह आंदोलन क्षेत्र के यात्रियों, श्रद्धालुओं और आम जनता के हित में आयोजित किया गया है।
स्टेशन की उपेक्षा का लगाया आरोप
धरना को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि हैदरनगर रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्र की लंबे समय से उपेक्षा की जा रही है। उनका कहना था कि एनएसजी-5 श्रेणी का स्टेशन होने के बावजूद यहां यात्रियों को आज भी कई बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। जबकि इसी श्रेणी के देश के कई छोटे स्टेशन अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिक सुविधाओं से विकसित किए जा रहे हैं। समिति ने आरोप लगाया कि झारखंड के महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशनों की अनदेखी क्षेत्रीय असंतुलन को दर्शाती है और इस दिशा में जल्द ठोस कदम उठाए जाने की आवश्यकता है।
ये हैं समिति की प्रमुख मांगें
रेल उपभोक्ता समिति ने पलामू में रेल मंडल की स्थापना, हैदरनगर में रेलवे फाटक संख्या एलसी-50/बी/टी और एलसी-51/सी/आई पर ओवरब्रिज के साथ बाईपास सड़क का निर्माण, 12877/12878 रांची–नई दिल्ली गरीब रथ एक्सप्रेस का हैदरनगर स्टेशन पर नियमित ठहराव तथा सभी पैसेंजर ट्रेनों का समय पर संचालन सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
Read More : इक्कीसवीं महादेव मंदिर परिसर में वृक्षारोपण
इसके अलावा रेलवे स्टेशन का शीघ्र आधुनिकीकरण, सभी प्लेटफॉर्म पर पेयजल, स्वच्छ शौचालय, पर्याप्त लंबाई के प्लेटफॉर्म शेड, कोच इंडिकेटर, विशाल सर्कुलेटिंग एरिया, एसी और नन-एसी प्रतीक्षालय, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं तथा अन्य आधुनिक यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी मांग की गई।




