सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना परिसर में युवती के साथ दुष्कर्म के मामले में नया खुलासा हुआ है। मेडिकल जांच और दस्तावेजों की पड़ताल में पीड़िता के नाबालिग होने की पुष्टि हुई है। इसके बाद आरोपी पुलिसकर्मियों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। अब मुख्य आरोपित सिपाही समेत अन्य संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने इस मामले में पीड़िता के कथित पति शंकर दास को गिरफ्तार किया है।
इस पूरे मामले में पीड़िता की पहचान उसके परिजनों ने मीडिया में प्रकाशित तस्वीरों के जरिए की। ओडिशा के मयूरभंज और बड़बिल क्षेत्र में रहने वाले परिजनों को जब इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने एक मानवाधिकार दल की मदद से गम्हरिया पहुंचकर पुलिस से संपर्क किया। परिजनों ने बताया कि पीड़िता पिछले करीब छह महीने से लापता थी।
परिजनों के अनुसार, शंकर दास नाम का युवक उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले आया था और पत्नी बनाकर रख रहा था। परिजनों की लिखित शिकायत पर पुलिस ने शंकर दास को गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता को भगाकर ले जाने और उससे अवैध संबंध बनाने के आरोप में उसके खिलाफ भी पॉक्सो एक्ट की कार्रवाई की जा रही है।
राष्ट्रीय महिला आयोग सख्त, DALSA ने बढ़ाये मदद के हाथ
अब तक 3 गिरफ्तार और 15 पुलिसकर्मी निलंबित



