धनवार में थाना से 200 मीटर दूर बैंक डकैती, कर्मचारियों को बनाया बंधक

गिरिडीह : गिरिडीह जिले के धनवार बाजार में गुरुवार को पांच हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े यूको बैंक में डकैती की वारदात को अंजाम दिया। चमड़ा गोदाम स्थित बैंक से अपराधी करीब चार करोड़ रुपये के सोने के जेवरात और 12 लाख रुपये नकद लूटकर फरार

बैंक

अपनी भाषा में पढ़ें

गिरिडीह : गिरिडीह जिले के धनवार बाजार में गुरुवार को पांच हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े यूको बैंक में डकैती की वारदात को अंजाम दिया। चमड़ा गोदाम स्थित बैंक से अपराधी करीब चार करोड़ रुपये के सोने के जेवरात और 12 लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। अपराधियों ने बैंक कर्मचारियों और ग्राहकों को हथियार के बल पर बंधक बना लिया था। पूरी वारदात करीब 20 मिनट तक चली। अपराधियों के फरार होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Read More : देवोत्थान जतरा मेला 21 नवंबर को लगेगा, बड़ागाईं-बूटी में तैयारियां शुरू

दोपहर 12:44 बजे बैंक में घुसे पांच हथियारबंद अपराधी

बैंक प्रबंधक के मुताबिक, गुरुवार दोपहर करीब 12:44 बजे पांच हथियारबंद अपराधी बैंक में दाखिल हुए। अंदर घुसते ही उन्होंने कर्मचारियों और ग्राहकों को अपने कब्जे में ले लिया। एक अपराधी ने बैंक मैनेजर के सिर पर बंदूक तान दी। वहीं, उसके अन्य साथियों ने हथियार दिखाकर सभी लोगों को एक जगह रोक दिया।

लॉकर से सोने के जेवरात और नकदी लेकर फरार

इसके बाद अपराधियों ने बैंक के लॉकर को निशाना बनाया। वहां रखे सोने के जेवरात और नकदी समेटने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए। जाते-जाते उन्होंने बैंक के मुख्य दरवाजे पर बाहर से ताला लगा दिया। इससे कर्मचारी और ग्राहक बैंक के अंदर ही फंसे रह गए।

विरोध करने पर ग्राहक के साथ मारपीट

घटना के समय बैंक में 20 हजार रुपये जमा करने पहुंचे मो. महताब ने बताया कि अपराधियों ने अंदर आते ही सभी लोगों को हथियार के बल पर अपने कब्जे में कर लिया था। अपराधियों ने उनसे भी रुपये मांगे। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई।

आसपास के लोगों ने खोला बैंक का ताला

अपराधियों के फरार होने के बाद बैंक के अंदर फंसे लोगों ने शोर मचाकर मदद मांगी। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बैंक के मुख्य दरवाजे पर लगा ताला खोलकर कर्मचारियों और ग्राहकों को बाहर निकाला। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।

पुलिस ने शुरू की जांच, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे

सूचना मिलते ही धनवार थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार पुलिस बल के साथ बैंक पहुंचे। इसके बाद खोरीमहुआ एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार भी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस बैंक कर्मचारियों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही अपराधियों के बैंक पहुंचने और वारदात के बाद फरार होने के रास्तों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।

थाना से महज 200 मीटर दूर हुई बैंक डकैती

यूको बैंक धनवार थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित है। इसके बावजूद पांच हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े बैंक में घुसकर करीब 20 मिनट तक लूटपाट की और फरार हो गए। घटना के बाद धनवार बाजार के कारोबारियों और स्थानीय लोगों में दहशत है। पुलिस अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी और जांच में जुटी है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *