जामताड़ा : संथाल परगना में संगठन को मजबूत करने के लिए आजसू पार्टी ने अपनी गतिविधियां तेज करने की रणनीति बनाई है। पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने जामताड़ा परिसदन में संथाल परगना प्रमंडल स्तरीय बैठक की। इसमें संगठन की मौजूदा स्थिति की समीक्षा के साथ बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत बनाने और सदस्यता अभियान का विस्तार करने पर चर्चा हुई। बैठक में 27 प्रखंड प्रभारियों की घोषणा भी की गई।
Read More : रांची में वायु प्रदूषण पर निगम सख्त, निर्माण स्थलों को ग्रीन शीट से ढकना अनिवार्य
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का निर्देश
बैठक में केंद्रीय उपाध्यक्ष हसन अंसारी समेत संथाल परगना के सभी जिलों के सक्रिय पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सुदेश महतो ने संगठन की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक पार्टी की पकड़ मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने सदस्यता अभियान का विस्तार करने, युवा संगठन को सक्रिय बनाने और जनहित से जुड़े मुद्दों पर पार्टी की भूमिका मजबूत करने पर जोर दिया। साथ ही संगठन विस्तार, जनसंपर्क और जमीनी स्तर पर पार्टी की सक्रियता बढ़ाने के लिए कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश दिए। सुदेश महतो ने सभी प्रखंडों में जल्द सम्मेलन आयोजित करने और संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी बनाने के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया।
27 प्रखंड प्रभारियों की घोषणा
बैठक में संगठन को मजबूत बनाने के लिए नए प्रखंड प्रभारियों की घोषणा की गई। इनमें संजीव महतो, बसंत राय, सुरेश चंद्र महतो, मनोज मरांडी, अजय कुमार, राजा साहनी, जितेंद्र चौधरी, ध्रुव शाह, राजेश महतो, अरुण कुमार, दीपक मंडल, रविंद्र नाथ महतो (पिंटू), अशोक सिंह, बासुदेव गोस्वामी, श्यामल वाद्यकर, पुरुषोत्तम ठाकुर, राजकुमार बाउरी, आदर्श लक्ष्य, आलोक जॉय पॉल, आलमगीर आलम, मो. अख्तर, मोफीज, संजय कुमार, सुजीत मुर्मू, सचिन कुशवाहा, चतुरानंद पांडे और केदार महतो शामिल हैं। सुदेश महतो ने सभी नवनियुक्त प्रभारियों को बधाई दी और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि सभी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ करें और संगठन को मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
नवंबर में होगा संथाल परगना का कार्यकर्ता सम्मेलन
बैठक में नवंबर महीने में प्रस्तावित संथाल परगना प्रमंडल स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन की तैयारियों और रूपरेखा पर भी चर्चा हुई। सम्मेलन को सफल बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया गया। पार्टी की रणनीति है कि संगठनात्मक गतिविधियों को गति देकर संथाल परगना के सभी जिलों और प्रखंडों में कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाई जाए।



