रांची : रांची में एक युवक को अगवा कर करीब 12 घंटे तक कमरे में बंद रखने और बेरहमी से पिटाई करने का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि तीन लोगों ने उसे बेल्ट, रसोई गैस के पाइप और बांस के डंडे से जमकर पीटा। देर रात जब आरोपी सो गए, तो युवक ने मौका देखकर वेंटिलेटर के रास्ते किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। मामला राजधानी के रातू थाना क्षेत्र का है। पीड़ित की पहचान 29 वर्षीय लक्ष्मण गोप के रूप में हुई है। वह कमड़े के रवि स्टील स्थित दुर्गा कॉलोनी का रहने वाला है। उसके पिता का नाम स्वर्गीय कालू गोप बताया गया है।
Read More : गिरिडीह में बच्चे को लेकर 150 फीट ऊंची पानी टंकी पर चढ़ा युवक
तीन लोगों पर बंधक बनाकर पीटने का आरोप
लक्ष्मण गोप के मुताबिक, उसे अगवा करने के बाद एक कमरे में बंद कर दिया गया था। वहां उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। पीड़ित ने आरोप लगाया कि उसे बेल्ट, रसोई गैस के पाइप और बांस के डंडों से पीटा गया। उसने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों की मंशा उसकी हत्या कर शव को सेप्टिक टैंक में छिपाने की थी। हालांकि, ये आरोप पीड़ित की शिकायत पर आधारित हैं।
वेंटिलेटर के रास्ते भागने में हुआ सफल
पीड़ित के अनुसार, आरोपी देर रात सो गए। इसी दौरान उसे कमरे से निकलने का मौका मिल गया और वह वेंटिलेटर के रास्ते भागने में सफल रहा। इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।
तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
लक्ष्मण गोप की शिकायत पर रातू थाना में शत्रुधन सिंह, उसके भगिना छोटू सिंह और प्रकाश गिरी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आरोपों की जांच के बाद ही घटना से जुड़ी अन्य परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।




