वैशाली: बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर में मंगलवार देर शाम गंगा नदी में नाव पलटने से कम से कम 13 लोगों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में ज्यादातर बच्चे और लड़कियां शामिल हैं। बताया जा रहा है कि नाव पर सवार लोग मृत्यु भोज में शामिल होने जा रहे थे। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय गोताखोरों और राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीम ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। जिलाधिकारी वर्षा सिंह के अनुसार, हादसा मंगलवार रात करीब 8:30 बजे राघोपुर थाना क्षेत्र में हुआ। यह स्थान जिला मुख्यालय से लगभग 70 किलोमीटर दूर है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, नाव पर 15 से 20 लोग सवार थे, जबकि कुछ रिपोर्टों में यात्रियों की संख्या 20 से 25 बताई गई। हालांकि, नाव पर सवार लोगों की सही संख्या का पता नहीं चल पाया है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जताया दुख
वैशाली में हुए नाव हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने दुर्घटना में जान गंवाने वाले बच्चों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और इस कठिन समय में उन्हें हिम्मत मिलने की कामना की। राष्ट्रपति ने हादसे में घायल लोगों के जल्द स्वस्थ होने की भी प्रार्थना की।
बिहार के वैशाली जिले में हुई नाव दुर्घटना में बच्चों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहन संवेदना व्यक्त करती हूं। मैं इस दुर्घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।
— President of India (@rashtrapatibhvn) October 14, 2026
पीएम मोदी ने घोषित की आर्थिक सहायता
पीएम मोदी ने भी हादसे पर शोक जताया है। पीएम कार्यालय (PMO) के मुताबिक, दुर्घटना में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से दो लाख रुपये दिए जाएंगे। वहीं, घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिलेगी। PMO ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर पोस्ट कर घटना को बेहद दुखद बताया। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद कर रहा है।
The loss of lives in the boat capsizing incident in Vaishali, Bihar, is deeply painful. My thoughts are with the bereaved families in this difficult time. I pray for the speedy recovery of all those injured. The local administration is assisting those affected.
An ex-gratia of Rs. 2 lakh from PMNRF would be given to the next of kin of each of those who lost their lives. The injured would be given Rs. 50,000: PM @narendramodi
— PMO India (@PMOIndia) October 13, 2026
बिहार सरकार देगी चार-चार लाख रुपये
बिहार सरकार ने भी हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रशासन को राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने तथा घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। केंद्र और राज्य सरकार की घोषित सहायता के अनुसार, प्रत्येक मृतक के परिवार को कुल छह लाख रुपये की आर्थिक मदद मिल सकती है। सहायता राशि का वितरण संबंधित सरकारी प्रावधानों के अनुसार किया जाएगा।
तेजस्वी यादव ने जताया शोक, राघोपुर जाने की बात कही
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता और राघोपुर विधायक तेजस्वी यादव ने नाव हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने मृतकों की संख्या करीब 30 होने की आशंका जताई और कहा कि पटना पहुंचने के बाद वह सीधे राघोपुर जाएंगे। तेजस्वी यादव ने बच्चों को खोने वाले परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और प्रशासन से प्रभावित लोगों को हरसंभव मदद देने की अपील की। उन्होंने अपने लोगों को भी घटनास्थल पर भेजा, ताकि हालात का जायजा लेकर पीड़ित परिवारों की सहायता की जा सके।
#WATCH | Delhi | Boat capsized in the Raghopur Diara area | RJD leader and Raghopur MLA Tejashwi Yadav says, “Extremely tragic news has arrived from my constituency, Raghopur…The tragedy occurred at Rampur Shyamchand in the Raghopur Diara region. Some children had gone by boat to attend a feast; while they were returning, the boat capsized, resulting in the loss of many lives. The death toll is estimated to be around 30, with the majority being children. So far, 14 bodies have been recovered; six individuals have been referred to the hospital, and three are safe. I have spoken with the District Magistrate and the Secretary of the Disaster Management Department, urging them to deploy as many rescue teams as possible—including NDRF and SDRF personnel. I am arriving in Patna tomorrow and will head straight to Raghopur upon my arrival. My heartfelt condolences go out to the families who have lost their children. In this hour of grief, we expect the administration to provide maximum assistance. The incident occurred at night, and rescue operations are currently underway. I have also sent our own people to the site to assess the situation and ensure we provide whatever support possible to the affected people during this difficult time”
(Source: Self-made)
— ANI (@ANI) October 13, 2026
चिराग पासवान ने मुआवजे की मांग की
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने भी राघोपुर दियारा में हुए नाव हादसे पर दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि अधिकांश मासूम बच्चों की मौत की खबर बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों से प्रभावित परिवारों तक तत्काल राहत और हरसंभव सहायता पहुंचाने की अपील की। चिराग पासवान ने घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने बताया कि इस संबंध में जिलाधिकारी से बात कर राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली गई है।
मेरे संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत राघोपुर दियारा में नाव हादसे में कई लोगों की मृत्यु की खबर अत्यंत पीड़ादायक और हृदयविदारक है। इस हादसे में अधिकांश मासूम बच्चों की जान जाने की खबर है।
इस दुःख की घड़ी में शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएँ व्यक्त करता हूँ। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और पीड़ित परिवारों को यह असहनीय दुःख सहने की शक्ति दें।
स्थानीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि प्रभावित परिवारों तक तत्काल राहत एवं हरसंभव सहायता पहुँचाई जाए। घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए तथा पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा सुनिश्चित किया जाए।
— युवा बिहारी चिराग पासवान (@iChiragPaswan) October 13, 2026
मृतकों के परिजनों से मुलाकात करेंगे चिराग पासवान
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बुधवार सुबह बताया कि वह राघोपुर पहुंचकर मृतकों के परिजनों से मुलाकात करेंगे। उन्होंने एक्स पर कहा कि SDRF की टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुटी है और घायलों को बेहतर इलाज के लिए NMCH भेजा गया है। उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार के माध्यम से प्रभावित परिवारों को अधिक से अधिक सहायता उपलब्ध कराने को लेकर भी चर्चा हुई है। चिराग पासवान ने कहा कि वह घटनास्थल पर जाकर शोकाकुल परिजनों से मिलेंगे और अस्पताल में भर्ती घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी लेंगे।
मृत्यु भोज में शामिल होने जा रहे थे लोग
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार देर शाम छोटी नाव पर सवार होकर लोग मृत्यु भोज में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान नाव असंतुलित होकर गंगा नदी में पलट गई और उसमें सवार लोग पानी में डूबने लगे। हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और प्रशासन बचाव कार्य में जुट गए। SDRF की टीम और स्थानीय गोताखोरों ने राहत अभियान चलाया।
मृतकों की पहचान, परिवारों में मचा कोहराम
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान मीरा कुमारी, निशु कुमारी, अनिशा कुमारी, सुनीता कुमारी, आर्यन कुमार, मोहन कुमार, अमृता कुमारी, अंकिता कुमारी, पिंकी कुमारी, नमन कुमार, सिकी कुमारी, भोनू कुमारी और सोनम कुमारी के रूप में हुई है। इस दर्दनाक घटना के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुटा है।




