वैशाली नाव हादसे में 13 बच्चों की मौत, राष्ट्रपति और पीएम मोदी ने जताया दुख

वैशाली: बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर में मंगलवार देर शाम गंगा नदी में नाव पलटने से कम से कम 13 लोगों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में ज्यादातर बच्चे और लड़कियां शामिल हैं। बताया जा रहा है कि नाव पर सवार लोग

वैशाली
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

अपनी भाषा में पढ़ें

वैशाली: बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर में मंगलवार देर शाम गंगा नदी में नाव पलटने से कम से कम 13 लोगों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में ज्यादातर बच्चे और लड़कियां शामिल हैं। बताया जा रहा है कि नाव पर सवार लोग मृत्यु भोज में शामिल होने जा रहे थे। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय गोताखोरों और राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीम ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। जिलाधिकारी वर्षा सिंह के अनुसार, हादसा मंगलवार रात करीब 8:30 बजे राघोपुर थाना क्षेत्र में हुआ। यह स्थान जिला मुख्यालय से लगभग 70 किलोमीटर दूर है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, नाव पर 15 से 20 लोग सवार थे, जबकि कुछ रिपोर्टों में यात्रियों की संख्या 20 से 25 बताई गई। हालांकि, नाव पर सवार लोगों की सही संख्या का पता नहीं चल पाया है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जताया दुख

वैशाली में हुए नाव हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने दुर्घटना में जान गंवाने वाले बच्चों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और इस कठिन समय में उन्हें हिम्मत मिलने की कामना की। राष्ट्रपति ने हादसे में घायल लोगों के जल्द स्वस्थ होने की भी प्रार्थना की।

पीएम मोदी ने घोषित की आर्थिक सहायता

पीएम मोदी ने भी हादसे पर शोक जताया है। पीएम कार्यालय (PMO) के मुताबिक, दुर्घटना में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से दो लाख रुपये दिए जाएंगे। वहीं, घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिलेगी। PMO ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर पोस्ट कर घटना को बेहद दुखद बताया। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद कर रहा है।

बिहार सरकार देगी चार-चार लाख रुपये

बिहार सरकार ने भी हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रशासन को राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने तथा घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। केंद्र और राज्य सरकार की घोषित सहायता के अनुसार, प्रत्येक मृतक के परिवार को कुल छह लाख रुपये की आर्थिक मदद मिल सकती है। सहायता राशि का वितरण संबंधित सरकारी प्रावधानों के अनुसार किया जाएगा।

तेजस्वी यादव ने जताया शोक, राघोपुर जाने की बात कही

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता और राघोपुर विधायक तेजस्वी यादव ने नाव हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने मृतकों की संख्या करीब 30 होने की आशंका जताई और कहा कि पटना पहुंचने के बाद वह सीधे राघोपुर जाएंगे। तेजस्वी यादव ने बच्चों को खोने वाले परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और प्रशासन से प्रभावित लोगों को हरसंभव मदद देने की अपील की। उन्होंने अपने लोगों को भी घटनास्थल पर भेजा, ताकि हालात का जायजा लेकर पीड़ित परिवारों की सहायता की जा सके।

चिराग पासवान ने मुआवजे की मांग की

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने भी राघोपुर दियारा में हुए नाव हादसे पर दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि अधिकांश मासूम बच्चों की मौत की खबर बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों से प्रभावित परिवारों तक तत्काल राहत और हरसंभव सहायता पहुंचाने की अपील की। चिराग पासवान ने घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने बताया कि इस संबंध में जिलाधिकारी से बात कर राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली गई है।

मृतकों के परिजनों से मुलाकात करेंगे चिराग पासवान

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बुधवार सुबह बताया कि वह राघोपुर पहुंचकर मृतकों के परिजनों से मुलाकात करेंगे। उन्होंने एक्स पर कहा कि SDRF की टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुटी है और घायलों को बेहतर इलाज के लिए NMCH भेजा गया है। उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार के माध्यम से प्रभावित परिवारों को अधिक से अधिक सहायता उपलब्ध कराने को लेकर भी चर्चा हुई है। चिराग पासवान ने कहा कि वह घटनास्थल पर जाकर शोकाकुल परिजनों से मिलेंगे और अस्पताल में भर्ती घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी लेंगे।

मृत्यु भोज में शामिल होने जा रहे थे लोग

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार देर शाम छोटी नाव पर सवार होकर लोग मृत्यु भोज में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान नाव असंतुलित होकर गंगा नदी में पलट गई और उसमें सवार लोग पानी में डूबने लगे। हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और प्रशासन बचाव कार्य में जुट गए। SDRF की टीम और स्थानीय गोताखोरों ने राहत अभियान चलाया।

मृतकों की पहचान, परिवारों में मचा कोहराम

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान मीरा कुमारी, निशु कुमारी, अनिशा कुमारी, सुनीता कुमारी, आर्यन कुमार, मोहन कुमार, अमृता कुमारी, अंकिता कुमारी, पिंकी कुमारी, नमन कुमार, सिकी कुमारी, भोनू कुमारी और सोनम कुमारी के रूप में हुई है। इस दर्दनाक घटना के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुटा है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *