पलामू : जिले की हुसैनाबाद पुलिस ने झारखंड और बिहार में बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें और दो स्मार्टफोन बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य करीब तीन वर्षों से अलग-अलग इलाकों में बाइक चोरी कर उन्हें कम कीमत पर बेच रहे थे।
Read More : बाबूलाल मरांडी का विपक्ष पर निशाना, बोले- नवरात्र में आंदोलन सनातन विरोधी
वाहन जांच के दौरान पकड़ा गया संदिग्ध
हुसैनाबाद के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) दिव्यांश शुक्ल ने मंगलवार को प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के निर्देश पर थाना प्रभारी चंदन कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गिरोह के खिलाफ कार्रवाई कर रही थी। इसी क्रम में 12 अक्टूबर की रात बराही धाम जाने वाले रास्ते पर वाहन जांच के दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को पकड़ा गया। उससे पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने दंगवार स्कूल मैदान में छापेमारी की और दो अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया।
औरंगाबाद जिले के रहने वाले हैं तीनों आरोपित
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बिहार के औरंगाबाद जिले के नवीनगर थाना क्षेत्र निवासी ऋषु कुमार (19), अभिषेक कुमार (19) और आयुष कुमार (18) के रूप में की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपित हुसैनाबाद, अंबा, टंडवा, नवीनगर, कुटुंबा और औरंगाबाद समेत झारखंड और बिहार के विभिन्न इलाकों में बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। चोरी की मोटरसाइकिलों को कम कीमत पर बेच दिया जाता था।
गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
तीन आरोपितों की गिरफ्तारी और चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद होने के बाद पुलिस गिरोह के नेटवर्क की जांच कर रही है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान करने और चोरी की दूसरी घटनाओं का पता लगाने में जुटी है।




