रांची : हरमू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में शारदीय नवरात्र के अवसर पर मां भगवती की पूजा-अर्चना और दुर्गा पाठ का आयोजन भक्तिमय वातावरण में किया जा रहा है। मंदिर के आचार्य प्रतिदिन सुबह विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अनुष्ठान करा रहे हैं। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर मां की आरती और पूजा में शामिल हो रहे हैं।
Read More : झारखंड में SIR की समीक्षा, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने दिए निर्देश
सौरभ चौधरी और पल्लवी प्रिया इस अनुष्ठान के मुख्य यजमान हैं। मंगलवार को मां दुर्गा के चंद्रघंटा स्वरूप का संकल्प पूजन कराया गया। प्रतिदिन सुबह 7:30 बजे से पूजन शुरू होता है। यह आयोजन नवरात्र की एकम तिथि से शुरू हुआ है और नवमी तक श्रद्धापूर्वक चलेगा। नवरात्र की नवमी तिथि पर मंडल की ओर से नवकन्या पूजन, हवन और भोग-प्रसाद की व्यवस्था की जाएगी। मंदिर में प्रतिदिन सुबह और शाम आरती भी की जा रही है।
225वें सुंदरकांड और हनुमान चालीसा पाठ में शामिल हुए श्रद्धालु
श्री श्याम मंदिर में मंगलवार को शाम 4:30 बजे 225वें श्री सुंदरकांड एवं श्री हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सुनील मोदी और आशा मोदी ने बालाजी महाराज की अखंड ज्योति प्रज्वलित की। उन्होंने ज्योति में केसरिया पेड़ा, चना, गिरीगोला और घी अर्पित कर सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की। मंदिर के आचार्य ने यजमान को ज्योति दिलाकर हनुमान चालीसा पाठ शुरू कराया। सबसे पहले हनुमान चालीसा का पाठ हुआ, जिसके बाद सामूहिक रूप से संगीतमय सुंदरकांड पाठ किया गया। सुंदरकांड पाठ के बाद फिर हनुमान चालीसा का पाठ हुआ और आरती की गई। इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। कार्यक्रम में फल-प्रसाद की सेवा राजेश जायसवाल, चना प्रसाद की सेवा श्रवण ढांढनिया, केसरिया पेड़े की सेवा पुष्पा देवी पोद्दार और गिरीगोला की सेवा मनीष साहू की ओर से दी गई। इस अवसर पर मंडल के अध्यक्ष गोपाल मुरारका, उपाध्यक्ष अशोक लड़ियां, महामंत्री गौरव अग्रवाल और कोषाध्यक्ष मनोज खेतान सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
14 अक्टूबर को होगा खाटूनरेश का तिलक श्रृंगार
श्री श्याम मंदिर में बुधवार, 14 अक्टूबर को आश्विन शुक्ल पक्ष चतुर्थी के अवसर पर खाटूनरेश का केसर-चंदन तिलक श्रृंगार किया जाएगा। यह आयोजन मंडल के अध्यक्ष गोपाल मुरारका और कोषाध्यक्ष मनोज खेतान के सानिध्य में होगा। तिलक श्रृंगार के दर्शन श्रद्धालु शाम 5 बजे के बाद कर सकेंगे।
17 अक्टूबर का श्री श्याम भंडारा स्थगित
महासप्तमी के कारण हरमू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में शनिवार, 17 अक्टूबर को आयोजित होने वाला श्री श्याम भंडारा स्थगित कर दिया गया है। मंडल के महामंत्री गौरव अग्रवाल ने नवरात्र पूजा, सुंदरकांड पाठ, तिलक श्रृंगार और भंडारे से जुड़ी यह जानकारी दी।




