रांची : दुर्गापूजा को लेकर रांची नगर निगम ने कमर कस ली है। पूजा के दौरान शहर में आने वाले श्रद्धालुओं और आम लोगों को साफ-सुथरा, सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल मिले, इसके लिए निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में आज यानी बुधवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने निगम के अफसरों के साथ शहर के कई बड़े पूजा पंडालों का जायजा लिया। नगर आयुक्त ने हरमू पंच मंदिर दुर्गा पूजा समिति, आर.आर. स्पोर्टिंग क्लब, नव युवक संघ, बकरी बाजार, जिला स्कूल रामलल्ला दुर्गा पूजा समिति, चंद्रशेखर आजाद क्लब, सर्जना चौक, रांची रेलवे स्टेशन रोड और कोकर दुर्गा पूजा समिति समेत कई पूजा स्थलों का निरीक्षण किया।
Read More : भूत बनकर पहुंचे कांग्रेसी, CEC के इस्तीफे की मांग पर DC ऑफिस घेरा
इस दौरान पंडाल की बनावट, साफ-सफाई, सड़क की रोशनी, बिजली, भीड़ संभालने की व्यवस्था, आने-जाने के रास्ते, महिलाओं और बुजुर्गों की सुविधा, पीने का पानी, चलंत शौचालय, पार्किंग, अतिक्रमण, ट्रैफिक, सुरक्षा और आपात स्थिति में की जाने वाली व्यवस्था के बारे में जानकारी ली गई। नगर आयुक्त ने अधिकारियों और पूजा समितियों को साफ कहा कि जो भी व्यवस्था करनी है, उसे समय रहते पूरा कर लिया जाए। श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
पंडालों में डस्टबिन से लेकर CCTV तक का इंतजाम
नगर आयुक्त ने पूजा समितियों को पंडाल परिसर और आसपास पर्याप्त संख्या में डस्टबिन लगाने का निर्देश दिया है। अनाउंसमेंट के जरिए लोगों को भी कूड़ा डस्टबिन में डालने के लिए जागरूक करने को कहा गया है। सभी वॉलेंटियर्स को पहचान पत्र पहनना होगा। भीड़ संभालने के लिए पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित और योग्य स्वयंसेवक लगाने को कहा गया है। महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए जरूरत के हिसाब से अलग-अलग प्रवेश और निकास की व्यवस्था करने को कहा गया है। आपात स्थिति में लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए इमरजेंसी एग्जिट हमेशा खाली रखने का निर्देश दिया गया है।
पंडाल और आसपास पर्याप्त रोशनी के साथ CCTV कैमरों की निगरानी भी सुनिश्चित करने को कहा गया है। पूजा समिति के पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों को निगम और प्रशासन की टीम के साथ लगातार संपर्क में रहने का निर्देश दिया गया है। पंडालों के आसपास लगने वाले स्टॉल और अस्थायी दुकानों को सड़क के फ्लैंक और फुटपाथ से पर्याप्त दूरी पर लगाने को कहा गया है, ताकि पैदल चलने वालों और ट्रैफिक को परेशानी न हो।
निगम की सभी शाखाएं रहेंगी अलर्ट
दुर्गापूजा के दौरान नगर निगम की सभी संबंधित शाखाओं को 24 घंटे अलर्ट मोड में काम करने का निर्देश दिया गया है। स्वच्छता शाखा पंडाल और संपर्क मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाएगी। कहीं भी डंप कूड़ा नहीं दिखे, इसका ध्यान रखने को कहा गया है। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए रात में भी विशेष सफाई कराई जाएगी। विद्युत शाखा सभी स्ट्रीट लाइट की जांच करेगी। जहां अंधेरा या ब्लैक स्पॉट है, वहां अतिरिक्त रोशनी की व्यवस्था की जाएगी।
अभियंत्रण शाखा को पूजा पंडालों के आसपास की नालियों को जरूरत के मुताबिक स्लैब से ढकने और प्रमुख रास्तों के गड्ढे भरने का निर्देश दिया गया है। हॉर्टिकल्चर शाखा को रास्ते में बाधा बनने वाली पेड़ों की शाखाओं की छंटाई करने को कहा गया है। इंफोर्समेंट शाखा पूजा पंडालों और प्रमुख रास्तों के आसपास अतिक्रमण पर नजर रखेगी। ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने के साथ दुर्गापूजा के दौरान शहर में मांस-मछली की खरीद-बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण रखने का भी निर्देश दिया गया है। अंचल कार्यालयों की टीमें अपने-अपने इलाके के पूजा पंडालों का लगातार निरीक्षण करेंगी और पूजा समितियों के साथ मिलकर समस्याओं का जल्द समाधान करेंगी। इसके अलावा नगर निगम का कंट्रोल रूम 24 घंटे चालू रहेगा और क्विक रिस्पांस टीम को भी अलर्ट मोड में रखा जाएगा।
रामलल्ला पूजा समिति ने बनाया कृत्रिम विसर्जन कुंड
निरीक्षण के दौरान जिला स्कूल रामलल्ला दुर्गा पूजा समिति ने नगर आयुक्त को बताया कि इस बार पंडाल परिसर में ही कृत्रिम विसर्जन कुंड बनाया जा रहा है। इसी कुंड में मूर्ति विसर्जन की व्यवस्था होगी। नगर आयुक्त ने इस पहल की तारीफ की और इसे पर्यावरण के लिहाज से अच्छा और अनुकरणीय कदम बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह की व्यवस्था से शहर के जलस्रोतों को बचाने में मदद मिलेगी। नगर निगम की टीमों को अलग-अलग विसर्जन स्थलों पर भी जरूरी इंतजाम करने का निर्देश दिया गया है। विसर्जन के लिए अलग कुंड तैयार करने और विसर्जन के 24 घंटे के भीतर मूर्ति के अवशेष निकालने को कहा गया है, ताकि जलस्रोत प्रदूषित न हों।
श्रद्धालुओं की सुविधा पर सबसे ज्यादा जोर
नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने कहा कि राज्य सरकार के निर्देश के मुताबिक दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, सफाई और आसान आवागमन को सबसे ज्यादा प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने पूजा समितियों, स्वयंसेवकों और शहरवासियों से निगम और प्रशासन के साथ सहयोग करने की अपील की। श्रद्धालुओं से भी निर्धारित रास्तों से आने-जाने, कूड़ा तय जगह पर डालने और आपात स्थिति में प्रशासन व स्वयंसेवकों के निर्देश मानने की अपील की गई।
परेशानी हो तो इस नंबर पर करें फोन
नगर निगम से जुड़ी किसी समस्या, नागरिक सुविधा या तुरंत मदद के लिए रांची नगर निगम के 24×7 हेल्पलाइन नंबर 1800-570-1235 पर संपर्क किया जा सकता है। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त संजय कुमार, उप नगर आयुक्त रविंद्र कुमार, कार्यपालक अभियंता संजीव कुमार, नगर प्रबंधक, निगम के अलग-अलग शाखाओं के अधिकारी-कर्मचारी और पूजा समितियों के पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।




