बरहरवा: बरहरवा रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ पोस्ट बरहरवा की टीम ने सोमवार को नियमित गश्त और सघन जांच के दौरान अलग-अलग परिस्थितियों में तीन नाबालिग बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू किया। तीनों बच्चे अपने परिजनों को बिना बताए घर से निकले थे। आरपीएफ ने आवश्यक पूछताछ और सत्यापन के बाद उनके परिजनों से संपर्क किया तथा नियमानुसार आगे की कार्रवाई की।
also read : रांची CIP में मनोविज्ञान छात्रा से दुष्कर्म का आरोप, FIR दर्ज
आरपीएफ पोस्ट बरहरवा के प्रभारी संजीव कुमार के नेतृत्व में आरपीएफ टीम ने 5 अक्टूबर 2026 की रात करीब 00:20 बजे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 और वेटिंग रूम में जांच अभियान चलाया। इस दौरान अलग-अलग स्थानों से तीन नाबालिग बच्चे मिले। पूछताछ में तीनों के अपने-अपने घर से बिना माता-पिता को जानकारी दिए निकलने की बात सामने आई।
दो नाबालिग स्टेशन से पश्चिम बंगाल जाने की तैयारी में थे
पूछताछ के दौरान 17 वर्षीय नाबालिग बालक और 16 वर्षीय नाबालिग बालिका ने बताया कि वे तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं और करीब दो वर्षों से एक-दूसरे के संपर्क में थे। दोनों ने बताया कि उनके आपसी संबंध को परिवार की सहमति नहीं थी।
आरपीएफ के अनुसार, दोनों 4 अक्टूबर 2026 को बिना परिजनों को बताए घर से निकले और बरहरवा रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। वे बरहरवा से पश्चिम बंगाल की ओर जाने की तैयारी में थे। आरपीएफ टीम ने समय रहते दोनों को सुरक्षित अभिरक्षा में ले लिया।
फेसबुक के जरिए पटना के व्यक्ति से संपर्क में थी नाबालिग
वहीं, बरहेट थाना क्षेत्र की रहने वाली 16 वर्षीय एक अन्य नाबालिग बालिका भी स्टेशन पर मिली। पूछताछ में उसने बताया कि करीब एक साल पहले फेसबुक के माध्यम से पटना निवासी एक व्यक्ति से उसकी पहचान हुई थी। दोनों के बीच बातचीत होती थी और परिवार इस संबंध से सहमत नहीं था।
आरपीएफ के अनुसार, पारिवारिक विवाद के बाद बालिका 4 अक्टूबर 2026 की रात करीब 8 बजे बिना माता-पिता को बताए घर से निकली और सड़क मार्ग से बरहरवा रेलवे स्टेशन पहुंची थी। उसने पटना जाने की बात बताई।
तीनों बच्चों को संरक्षण के लिए किया गया सुपुर्द
आरपीएफ कर्मियों ने तीनों नाबालिगों को सुरक्षित रूप से आरपीएफ पोस्ट बरहरवा पहुंचाया। आवश्यक पूछताछ और सत्यापन के बाद उनके परिजनों से संपर्क स्थापित किया गया।
नियमानुसार आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों बच्चों को मंथन/बरहरवा की प्रतिनिधि आराधना मंडल और अंशु मालाकार को आगे की आवश्यक कार्रवाई, देखरेख और संरक्षण के लिए सुपुर्द किया गया।





