रांची : सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) के सहयोग से एनके क्षेत्र स्थित केंद्रीय विद्यालय, डकरा का गुरुवार को विधिवत उद्घाटन किया गया। आयोजित समारोह में भारत सरकार के रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने मुख्य अतिथि के रूप में विद्यालय का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद महुआ माजी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।
Read More : रामगढ़ में आर्मी जवान से मारपीट का आरोप, होटल मालिक समेत कई लोगों पर FIR दर्ज
समारोह में कांके के पूर्व विधायक समरी लाल, CCL के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) निलेंदु कुमार सिंह, निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा, निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र, निदेशक (तकनीकी/संचालन) चंद्र शेखर तिवारी, निदेशक (योजना एवं परियोजना) अनुप हंजुरा, मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार तथा केंद्रीय विद्यालय संगठन के उप-आयुक्त एस. जे. जोगलेकर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सीसीएल के अधिकारी, कर्मचारी, स्थानीय ग्रामीण, मजदूर संगठनों के प्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं और अभिभावक भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
विद्यालय परिसर का किया निरीक्षण
कार्यक्रम की शुरुआत स्मारिका के विमोचन से हुई। इसके बाद अतिथियों ने विद्यालय भवन का निरीक्षण किया और दीप प्रज्ज्वलित कर विद्यालय का औपचारिक उद्घाटन किया। सीसीएल के सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि का पुष्पगुच्छ, शॉल एवं श्रीफल भेंट कर स्वागत किया, जबकि एनके क्षेत्र के महाप्रबंधक अमिताभ तिवारी ने अन्य अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान केंद्रीय विद्यालय के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।
Read More : जमशेदपुर हत्याकांड पर भाजपा का हमला, आदित्य साहू बोले- निर्दोष को फंसाने की कोशिश
शिक्षा से क्षेत्र को मिलेगी नई पहचान
रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि सीसीएल के सहयोग से केंद्रीय विद्यालय, डकरा का उद्घाटन केवल डकरा ही नहीं, बल्कि पूरे खलारी और मैक्लुस्कीगंज क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस विद्यालय से क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी और वे भविष्य में झारखंड तथा देश का नाम रोशन करेंगे।
राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने कहा कि झारखंड की प्रतिभाओं ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह विद्यालय भी ऐसे विद्यार्थियों को तैयार करेगा, जो देश-विदेश में झारखंड और सीसीएल का नाम रोशन करेंगे।
CCL के सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने कहा कि इस परिसर से उनका भावनात्मक जुड़ाव रहा है। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपना बचपन इसी परिसर में बिताया और लंबे समय से इस विद्यालय की शुरुआत के प्रयासों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस वर्ष विद्यालय शुरू करने का संकल्प आज पूरा हुआ है।
केंद्रीय विद्यालय संगठन के उप-आयुक्त एस. जे. जोगलेकर ने कहा कि केंद्रीय विद्यालय संगठन गुणवत्तापूर्ण, समावेशी और आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है तथा यह विद्यालय क्षेत्र के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बनेगा।




