जमशेदपुर : सोनारी मरीन ड्राइव के दोमुहानी के पास हुए सड़क हादसे के बाद झारखंड के परिवहन एवं राजस्व मंत्री दीपक बिरुआ ने सड़क सुरक्षा को लेकर सख्ती के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कराने और अवैध पार्किंग पर कार्रवाई को लेकर निर्देश जारी किए हैं।
मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। उन्होंने वाहन चालकों से सतर्क रहने और अपनी व दूसरों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की है।
अवैध पार्किंग और बेतरतीब खड़े वाहनों पर होगी कार्रवाई
मंत्री दीपक बिरुआ ने सड़कों के किनारे अवैध और बेतरतीब तरीके से खड़े ट्रकों और अन्य भारी वाहनों पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मरीन ड्राइव समेत राज्य के दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में अवैध पार्किंग के खिलाफ व्यवस्था सख्त करने की बात कही गई है।
हादसे के बाद मरीन ड्राइव समेत अन्य सड़कों पर भारी वाहनों की पार्किंग और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठे थे। 24 सितंबर को मरीन ड्राइव पर खड़े ट्रक से कार की टक्कर में चार युवाओं की मौत हुई थी। मृतकों में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह भी शामिल थीं।
गलत पार्किंग की फोटो भेजने की अपील
परिवहन मंत्री ने आम लोगों से भी इस अभियान में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी जिले या सड़क पर गलत या अवैध पार्किंग दिखाई देने पर उसकी तस्वीर और जानकारी उनके साथ साझा की जाए।
मंत्री ने भरोसा दिलाया है कि सड़क सुरक्षा से जुड़ी ऐसी शिकायतों पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने इस पूरे मामले की खुद निगरानी करने की बात भी कही है।
पूरे झारखंड में सड़क सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा
मंत्री ने कहा है कि हादसे के बाद पूरे राज्य की सड़क सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी। यातायात नियमों के कड़ाई से पालन और उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया जाएगा।
इसके साथ ही वाहन चालकों से तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन नहीं चलाने की अपील की गई है। परिवहन विभाग की ओर से सड़क पर अवैध पार्किंग और यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई को लेकर सख्ती की तैयारी है।




