नई दिल्ली : बैंकिंग क्षेत्र में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए शानदार अवसर आया है। सार्वजनिक क्षेत्र के प्रमुख बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा (BOB) ने कुल 1100 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की है। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत वेल्थ मैनेजमेंट सर्विस तथा कॉर्पोरेट एंड इंस्टीट्यूशन क्रेडिट विभाग में नियुक्तियां की जाएंगी। योग्य और इच्छुक उम्मीदवार बैंक की आधिकारिक वेबसाइट bankofbaroda.bank.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया शुक्रवार (4 सितंबर) से शुरू हो चुकी है, जो 24 सितंबर 2026 तक जारी रहेगी।
Read More : रांची के श्याम मंदिर में जन्माष्टमी की धूम, आधी रात गूंजे जयकारे
पदों का विवरण और जरूरी शैक्षणिक योग्यता
इस भर्ती के तहत कुल 1100 नियमित पदों को भरा जाएगा। इनमें से 1000 पद वेल्थ एग्जीक्यूटिव के लिए और 100 पद क्रेडिट एनालिस्ट के लिए आरक्षित हैं।
वेल्थ एग्जीक्यूटिव (JMG/S-I) : उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री होनी चाहिए। इसके साथ ही IC 38, NISM सीरीज V-A, NISM XXI या NISM सीरीज V-D में से कोई एक प्रमाणपत्र होना अनिवार्य है। वेल्थ प्रोडक्ट्स में कम से कम 2 साल का कार्य अनुभव भी मांगा गया है। इसके लिए आयु सीमा 22 से 32 वर्ष निर्धारित है।
क्रेडिट एनालिस्ट (MMG/S-II) : अभ्यर्थी का स्नातक उत्तीर्ण होना या चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) होना आवश्यक है। साथ ही किसी भी शेड्यूल कमर्शियल बैंक में 1 साल का अनुभव होना चाहिए। इसके लिए आयु सीमा 21 से 33 वर्ष तय की गई है। आरक्षित श्रेणियों को ऊपरी आयु सीमा में नियमानुसार 3 से 15 वर्ष की छूट दी जाएगी।
वेतनमान और चयन प्रक्रिया
चयनित उम्मीदवारों को 12 महीने के प्रोबेशन पीरियड पर रखा जाएगा। पदों के अनुसार वेतनमान इस प्रकार है :
JMG/S-I : ₹48,480 से ₹85,920 प्रति माह
MMG/S-II : ₹64,820 से ₹93,960 प्रति माह
उम्मीदवारों की पोस्टिंग भारत में बैंक की किसी भी शाखा में की जा सकती है।
चयन प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी होगी – ऑनलाइन लिखित परीक्षा, ग्रुप डिस्कशन (GD)/व्यक्तिगत साक्षात्कार (PI) और दस्तावेज सत्यापन। ऑनलाइन परीक्षा में अंग्रेजी, रीजनिंग, क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड, जनरल इकोनॉमिक्स व बैंकिंग अवेयरनेस (प्रत्येक से 20 प्रश्न) और प्रोफेशनल नॉलेज (60 प्रश्न) के कुल सवाल होंगे। परीक्षा की अवधि 60 मिनट होगी और इसमें 0.25 अंकों की निगेटिव मार्किंग लागू रहेगी।
ग्रुप डिस्कशन और साक्षात्कार को उत्तीर्ण करने के लिए अनारक्षित तथा ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए 60% और आरक्षित वर्गों के लिए 55% न्यूनतम अंक अनिवार्य हैं। साक्षात्कार के समय अभ्यर्थियों को शैक्षणिक दस्तावेज, अनुभव प्रमाण पत्र और फोटो पहचान पत्र (जैसे ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर कार्ड, बैंक पासबुक या अन्य वैध पहचान पत्र) सत्यापन के लिए प्रस्तुत करने होंगे।




