रांची : रांची में मौसम के मिजाज में आए अचानक बदलाव के कारण मौसमी बीमारियों का प्रकोप तेजी से बढ़ने लगा है। पिछले कुछ दिनों से हो रहे मौसम बदलाव के कारण लोग वायरल इंफेक्शन, बुखार, सर्दी और खांसी की चपेट में आ रहे हैं। इस बदलते मौसम का सीधा असर राजधानी के सदर अस्पताल की ओपीडी में देखने को मिल रहा है, जहां मरीजों की कतारें लगातार लंबी होती जा रही हैं। वर्तमान में केवल सर्दी, खांसी और तेज बुखार से पीड़ित मरीज रोजाना इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंच रहे हैं।
मौसम में उतार-चढ़ाव की वजह से लोगों की इम्यूनिटी प्रभावित हो रही है, जिससे बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा बीमार पड़ रहे हैं। रोजाना आ रहे 300 मरीजों में से अधिकांश लोग वायरल फीवर, बदन दर्द और श्वास संबंधी समस्याओं से ग्रसित हैं। डॉक्टरों की टीम सभी मरीजों की मुस्तैदी से जांच कर रही है और उन्हें उचित दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं। वहींं इसके अलावा रिम्स और निजी अस्पतालों और डॉक्टरों के यहां भी काफी संख्या में मरीज इलाज करवाने के लिए पहुंच रहे हैं।


