नई दिल्ली : भारत की अर्थव्यवस्था ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में 7.8% की बढ़त दर्ज की है। जारी आंकड़ों के बाद PM मोदी ने इसे देश के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने आज यानी मंगलवार को सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर देशवासियों को बधाई दी और स्वदेशी व आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की अपील की। PM मोदी ने कहा कि 7.8 प्रतिशत की ग्रोथ देशवासियों के संकल्प, मेहनत और सामूहिक शक्ति का प्रतिबिंब है। उन्होंने कहा कि दुनिया युद्ध और संकटों से घिरी है, जबकि सप्लाई चेन भी प्रभावित है। इसके बावजूद भारत तेज गति से प्रगति कर रहा है।
PM मोदी ने देशवासियों को दी बधाई
पीएम ने अपने संदेश में कहा, “देशवासियों को बहुत-बहुत बधाई। 7.8% growth. देश खुशियों से भर गया है।” उन्होंने कहा कि 2020 के कोविड काल से लेकर अब तक दुनिया में स्थिरता नजर नहीं आ रही है। युद्ध और वैश्विक संकटों के बीच भी भारत ने 7.8 प्रतिशत की ग्रोथ हासिल की है। पीएम मोदी ने कहा कि देश को इस गति को बनाए रखने की जरूरत है। उन्होंने आत्मनिर्भर भारत को आगे बढ़ाने और स्वदेशी पर जोर देने की अपील की।
#WATCH: भारत की GDP 7.8% की दर से बढ़ी, PM मोदी बोले- ‘देश खुशियों से भर गया है’#indiagdpgrowth #PMNarendraModi #GDPgrowth #pmmodinews #indiaeconomygrowthrate #pmmodivideo #ModiVideoMessage #IndiaEconomy #JHLive pic.twitter.com/rjh2hIa17A
— JH LIVE (@jhliveonline) September 1, 2026
‘Vocal for Local’ और ‘Wed in India’ पर जोर
पीएम मोदी ने कहा कि देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वदेशी के मंत्र को अपनाना जरूरी है। उन्होंने “Vocal for Local” की बात करते हुए विदेशों की गैर-जरूरी यात्राओं से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि शादी-ब्याह भी विदेशों में करने के बजाय भारत में किए जाने चाहिए। इसके लिए उन्होंने “Wed in India” के मंत्र को अपनाने की बात कही। पीएम ने यह भी कहा कि जरूरत न हो तो सोना भी नहीं खरीदना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश जितना ज्यादा स्वदेशी और आत्मनिर्भरता पर जोर देगा, उतना ही मजबूत बनेगा।
2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य
पीएम मोदी ने कहा कि जब आजादी के 100 साल पूरे होंगे, तब देश की युवा पीढ़ी को विकसित भारत सौंपने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि युवाओं के सपनों को आज की मेहनत से साकार करना है। उन्होंने देशवासियों से संकल्प के साथ आगे बढ़ने की अपील की। पीएम मोदी ने कहा कि सरकार की नीति सही है, नीयत साफ है और 140 करोड़ देशवासियों की शक्ति एकजुट होकर देश को नई ऊंचाइयों पर ले जा रही है। अंत में उन्होंने देशवासियों से उपलब्धि की खुशी मनाने के साथ आगे बढ़ने का संकल्प लेने की अपील की और शुभकामनाएं दीं।




